scorecardresearch

TMC के बाद उद्धव ठाकरे की शिवसेना में हो सकती है बगावत? क्यों लगाए जा रहे कयास, समझ लीजिए

TMC में बड़ी टूट के बाद उद्धव ठाकरे की शिवसेना में भी बगावत की अटकलें लगाई जा रही हैं. सियासी गलियारे में चर्चा उस समय और तेज हो गई, जब उद्धव ठाकरे ने सांसदों की बैठक बुलाई. लेकिन इस बैठक से 5 सांसद गायब रहे. फिलहाल शिवसेना (यूबीटी) के पास कुल 9 सांसद हैं. कयास लगाए जा रहे हैं कि 7 सांसद बगावत कर सकते हैं.

Shivsena (UBT) Shivsena (UBT)

तृणमूल कांग्रेस (TMC) के 20 सांसदों ने अलग गुट बनाकर नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी (NCPI) में शामिल हो गए हैं. टीएमसी में इतनी बड़ी टूट के बाद महाराष्ट्र की सियासत में भी अटकलों का दौर जारी है. उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT) को लेकर भी कयास लगाए जा रहे हैं. शिवसेना (उद्धव ठाकरे) को लेकर सियासी गलियारों में खूब चर्चा हो रही है. कयास लगाए जा रहे हैं कि उद्धव ठाकरे की शिवसेना में भी टीएमसी की तरह टूट हो सकती है. ये चर्चा इसलिए हो रही है, क्योंकि मातोश्री में हुई शिवसेना सांसदों की बैठक में सिर्फ 4 सांसद ही पहुंचे थे.

क्यों लगाए जा रहे हैं कयास?
सियासी गलियारे में चर्चा है कि उद्धव ठाकरे की शिवसेना में भी टीएमसी की तरह बगावत हो सकती है. कहा जा रहा है कि 9 में से 7 सांसद पार्टी से बगावत कर सकते हैं. ये कयास इसलिए लगाया जा रहा है, क्योंकि शिवसेना के एक सांसद दिल्ली पहुंचे और केंद्रीय मंत्री प्रताप जाधव से मुलाकात की थी. इसके साथ ही जब उद्धव ठाकरे ने मातोश्री में सांसदों की बैठक बुलाई तो 5 सांसद गायब रहे. इस वजह से आशंका और बढ़ गई है.

उद्धव ठाकरे की मीटिंग से गायब रहे 5 सांसद-
शिवसेना (यूबीटी) के लोकसभा में 9 सांसद हैं. उद्धव ठाकरे ने रविवार को मातोश्री में सांसदों की बैठक बुलाई थी. जिसमें 4 सांसद ही पहुंचे थे. इसमें अरविंद सावंत, अनिल देसाई, संजय पाटिल और राजाभाऊ वाजे शामिल हुए. जबकि 5 सांसद बैठक से गायब रहे. सांसदों के बैठक से गायब रहने से बगावत की आशंका और बढ़ गई है. हालांकि शिवसेना ने दावा किया कि ये सांसद ऑनलाइन बैठक में शामिल हुए थे. उधर, उद्धव ठाकरे का बयान भी आया है. उनका कहना है कि अगर वे जाना चाहते हैं तो खुशी-खुशी जाएं. इसके साथ ही उद्धव ने चेतावनी भी दी है कि आज मेरा वक्त नहीं है, लेकिन कल जरूर आएगा.

दिल्ली पहुंचे सांसद संजय देशमुख -
शिवसेना (यूबीटी) के एक सांसद संजय देशमुख उद्धव ठाकरे की बैठक में शामिल नहीं हुए. लेकिन उन्होंने दिल्ली में एकनाथ शिंदे खेमे के मंत्री प्रताप राव जाधव से मुलाकात की. इसके बाद से सियासी चर्चा और भी तेज हो गई. केंद्रीय मंत्री प्रताप राव जाधव का कहना है कि शिवसेना (यूबीटी) के सभी सांसद मेरे दोस्त हैं. हमने पहले साथ काम किया है. हमारी मुलाकात होती रहती है.

ये भी पढ़ें: