scorecardresearch

'मावां-धीयां सत्कार योजना' से महिलाओं के चेहरे पर आई मुस्कान, खातों में पहुंची पहली किस्त, फरीदकोट में गिद्धा डालकर मनाई खुशी

पंजाब सरकार की मावां-धीयां सत्कार योजना की पहली किस्त महिलाओं के खातों में पहुंचनी शुरू हो गई है. इस मौके पर फरीदकोट में महिलाओं ने गिद्धा डालकर खुशी मनाई. जिले में अब तक 1.53 लाख से अधिक महिलाओं का पंजीकरण हो चुका है.

mawan dhiyan satkar yojana mawan dhiyan satkar yojana

पंजाब सरकार की 'मावां-धीयां सत्कार योजना' के तहत पहली किस्त बुधवार को महिलाओं के बैंक खातों में पहुंचनी शुरू हो गई. इसके बाद कई जगहों पर महिलाओं ने गिद्धा डालकर और नाच-गाकर खुशी जाहिर की. इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान का धन्यवाद भी किया. इस अवसर पर फरीदकोट में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां और फरीदकोट के विधायक गुरदित सिंह सेखों मौजूद रहे. कार्यक्रम में जिले की बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया और योजना की पहली किस्त मिलने की खुशी साझा की.

जिले में अब तक 1.53 लाख से ज्यादा महिलाओं का पंजीकरण
मावां-धीयां सत्कार योजना के तहत जिलेभर में महिलाओं का पंजीकरण अभी भी जारी है. 30 जून की शाम तक जिले में कुल 1,53,078 महिलाओं का पंजीकरण हो चुका है. इनमें फरीदकोट में 53,036, कोटकपूरा में 51,818 और जैतो में 48,224 महिलाओं ने योजना के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है. जानकारी के अनुसार, जिन महिलाओं की पंजीकरण प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उनके बैंक खातों में योजना की राशि आनी शुरू हो गई है. वहीं जिनका पंजीकरण अभी जारी है, प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनके खातों में भी राशि भेजी जाएगी.

विधायक गुरदित सिंह सेखों ने क्या कहा?
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक गुरदित सिंह सेखों ने कहा कि जनकल्याण के लिए शुरू की गई ऐसी योजनाएं समाज में सकारात्मक बदलाव लाती हैं. उनका कहना था कि एक बार शुरू होने के बाद ऐसी योजनाओं को किसी भी सरकार के लिए बंद करना आसान नहीं होता. उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और जनता से किए गए हर वादे को पूरा कर रही है. उनके अनुसार, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल द्वारा शुरू की गई 'मावां-धीयां सत्कार योजना' राज्य की लाखों महिलाओं के लिए आर्थिक सुरक्षा और सम्मान का नया अध्याय साबित होगी.

महिलाओं ने जताई खुशी
योजना की पहली किस्त मिलने के बाद महिलाओं ने मीडिया से बातचीत में खुशी जाहिर की. उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान पंजाब सरकार ने महिलाओं से जो वादा किया था, उसे अब पूरा कर दिया गया है. महिलाओं के अनुसार, उनके खातों में 3,100 रुपए आए हैं, जिससे वे घर की छोटी-मोटी जरूरतें पूरी कर सकेंगी. महिलाओं ने उम्मीद जताई कि पंजाब सरकार आगे भी इस योजना को लगातार जारी रखेगी. साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब सरकार का धन्यवाद भी किया.
(रिपोर्ट- प्रेम पासी)
ये भी पढ़ें