पत्नी को मनाने के लिए टावर पर चढ़ा युवक
पत्नी को मनाने के लिए टावर पर चढ़ा युवक
पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े के बाद पत्नी के मायके चले जाने से नाराज एक युवक ने ऐसा कदम उठा लिया, जिससे मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. पत्नी को वापस मायके से बुलाने की जिद में युवक जिओ कंपनी के करीब 80 फीट ऊंचे टावर के टॉप पर जा चढ़ा. वहां खड़े होकर वह पत्नी को मायके से बुलाने की मांग करता रहा और काफी समझाने के बावजूद नीचे उतरने से मना करता रहा.
जानकारी के अनुसार, जनपद मेरठ के गांव शाहजहांपुर निवासी फैज का अपनी पत्नी के साथ झगड़ा हो गया था. झगड़े के बाद नाराज होकर उसकी पत्नी जनपद अमरोहा स्थित अपने मायके चली गई. पत्नी के मायके जाने से फैज आहत हो गया. इसके बाद वह गांव लोदीपुर स्थित जिओ कंपनी के करीब 80 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गया. फैज टावर के सबसे ऊपर पहुंचकर खड़ा हो गया और अपनी पत्नी को मायके से वापस बुलाने की जिद करने लगा.
टावर के नीचे जुटी लोगों की भीड़
फैज को इतनी ऊंचाई पर खड़ा देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. वहां मौजूद लोगों ने उसे काफी समझाने की कोशिश की और टावर से नीचे उतरने के लिए कहा, लेकिन फैज अपनी जिद पर अड़ा रहा. वह पत्नी को मायके से बुलाने की बात दोहराता रहा और टावर से उतरने से मना करता रहा. इस दौरान किसी व्यक्ति ने फैज का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया. जानकारी मिलते ही गढ़ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. इसके साथ ही दमकल विभाग की टीम भी वहां पहुंच गई. पुलिस और दमकल कर्मियों ने मौके पर मौजूद लोगों के साथ मिलकर फैज को समझाने और सुरक्षित तरीके से टावर से नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया.
काफी समझाने के बाद टावर से उतरा फैज
काफी देर तक समझाने के बाद फैज को टावर से नीचे उतार लिया गया. इस दौरान पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही. फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. पत्नी के मायके जाने के बाद उसे वापस बुलाने की जिद में 80 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ने की घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.
ये भी पढ़ें