Weather News
Weather News
राजधानी दिल्ली का न्यूनतम तापमान मंगलवार को 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान रहा.मौसम विभाग के मुताबिक रविवार तक न्यूनतम तापमान लगभग छह डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. बुधवार की सुबह दिल्ली और एनसीआर में पारा कम होने की वजह से लोगों ने ठिठुरन महसूस की. उधर, मध्य प्रदेश (एमपी), बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड आदि राज्यों में भी अगले कुछ दिनों में ठंड तेज गति से बढ़ने की संभावना है. दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में बारिश हो रही है तो पहाड़ों में बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़नी शुरू हो गयी है.
बुधवार से दिल्ली-एनसीआर में कोहरा छाने की उम्मीद
विशेषज्ञों ने मंगलवार को दिल्ली की वायु गुणवत्ता में गिरावट के लिए कम तापमान और शांत हवाओं को जिम्मेदार ठहराया. मौसम विभाग के अधिकारियों ने कहा कि हवा शांत है क्योंकि एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ एक और दो दिसंबर (गुरुवार और शुक्रवार) को दिल्ली-एनसीआर को प्रभावित करने वाला है, बुधवार से क्षेत्र में हल्का कोहरा छाने की उम्मीद है. जब पश्चिमी विक्षोभ आता है, तो हवा की दिशा में बदलाव होता है. पश्चिमी विक्षोभ के क्षेत्र में आने से पहले हवा शांत हो जाती है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के वैज्ञानिक आरके जेनामनी ने कहा, बुधवार से हवा की गति एक बार फिर बढ़ेगी, लेकिन दो या तीन दिनों तक तापमान में कोई गिरावट नहीं होगी, इस पश्चिमी विक्षोभ को जोड़ने से हवा में नमी की मात्रा भी बढ़ेगी. जिससे शुरुआती घंटों में हल्का कोहरा छाएगा. बुधवार को हवा की गति 6-8 किमी प्रति घंटे तक बढ़ने की उम्मीद है.
दिल्ली की हवा बेहद खराब
मौसम में बदलाव के साथ दिल्ली की हवा भी बेहद खराब हो रही है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार मंगलवार शाम चार बजे तक राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 369 की रीडिंग के साथ बहुत ही खराब श्रेणी में रहा. एक और दो दिसंबर 2022 को हवा की स्थिति बहुत खराब श्रेणी में बनी रहने की उम्मीद है.
मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीत लहर की संभावना
मौसम विभाग के एक वरिष्ठ वैज्ञानिक एसएन साहू ने कहा कि भोपाल में कुछ दिनों में तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक गिर जाएगा और उमरिया में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है.मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीतलहर चलने के साथ कई क्षेत्रों में तापमान में और गिरावट आएगी.कुछ स्थानों पर तापमान एक अंक तक गिरने की संभावना है. रायसेन और नौगांव में पहले ही तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा चुका है, जो राज्य में सबसे कम है.
झारखंड में बढ़ रही ठंड
उत्तर की ओर से आ रही ठंडी हवाओं के कारण झारखंड में सर्दी में इजाफा हुआ है. पारा लगातार गिर रहा है. कई जिलों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिर गया है. राजधानी रांची में भी पारा गिरा है. प्रदेश के कई जिलों में शीत-लहर की स्थिति दिख रही है.
.