Monsoon Update
Monsoon Update
IMD Monsoon Tracker 2026: उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों के लोग मॉनसून के आने का इंतजार कर रहे हैं. ऐसे लोगों के लिए राहत भरी खबर है. दरअसल, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अपनी पूरी रफ्तार के साथ आगे बढ़ रहा है. केरल में 4 जून 2026 को दस्तक देने के बाद मॉनसून कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में पहुंच चुका है. पुडुचेरी, पश्चिम बंगाल और बिहार में भी मॉनसूनी की एंट्री हो गई है. यहां के कई जिलों में मूसलाधार बारिश हो रही है.
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार सबसे पहले पूर्वी बिहार में मॉनसून की एंट्री हुई है. अब धीरे-धीरे मॉनसून पूरे प्रदेश में फैलेगा. मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए अगले कुछ दिन परिस्थितियां अनुकूल बनी रह सकती हैं. इस बार मॉनसून समय पर बिहार पहुंच गया है. मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में मॉनसून के झारखंड में पहुंचने की संभावना है. उधर, यूपी वाले सोच रहे हैं कि आखिर उनके यहां मॉनसून कब आएगा. दिल्लीवासी भी मॉनसून की बारिश का इंतजार कर रहे हैं. आइए जानते हैं मॉनसून को लेकर भारतीय मौसम विभाग (IMD) का ताजा अपडेट क्या है और कब तक यूपी और दिल्ली में मॉनसून पहुंच सकता है? आपको मालूम हो कि अभी दिल्ली और यूपी में जो बारिश हो रही है, वह प्री-मॉनसून (Pre Monsoon) बारिश है.
कहां पहुंचा मॉनसून
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 4 जून 2026 को केरल में दस्तक देने के बाद कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ चुका है. मॉनसून ने तमिलनाडु और पुडुचेरी के बचे हुए हिस्सों में भी पहुंच चुका है. मॉनसून बिहार और बंगाल में भी दस्तक दे चुका है. पूर्वोत्तर भारत के रास्ते आगे बढ़ते हुए मॉनसून पश्चिम बंगाल के अधिकांश जिलों और बिहार के कुछ हिस्सों में पहुंच चुका है. मॉनसून की उत्तरी सीमा (NLM) फिलहाल हरनई, सोलापुर, हैदराबाद, भद्राद्री कोठागुडेम, कलिंगपट्टनम, रायगंज और बिहार के मधुबनी, मुजफ्फरपुर से होकर गुजर रही है. मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दो से तीन दिन मॉनसून के लिए परिस्थितियां बेहद अनुकूल हैं. मुंबई सहित मध्य अरब सागर के कुछ और हिस्सों और महाराष्ट्र के नए इलाकों में मॉनसून आगे बढ़ेगा. दो से तीन दिनों में मॉनसून छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कई नए हिस्सों को मॉनसून कवर कर लेगा.
उत्तर प्रदेश में मॉनसून की एंट्री कब
उत्तर प्रदेश में भी मॉनसून की एंट्री नहीं हुई है. अभी यूपी के कुछ जिलों में जो बारिश हो रही है, वह प्री-मॉनसून बारिश है. मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी यूपी में वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज आदि में 18-22 जून के बीच मॉनसून दस्तक दे सकता है. मध्य यूपी लखनऊ, कानपुर में 22-25 जून तक मॉनसून पहुंच सकता है. पश्चिमी यूपी और नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ में 25-30 जून के आसपास मॉनसून के पहुंचने की संभावना है. IMD के बुलेटिन के मुताबिक उत्तर प्रदेश में मॉनसून के आगे बढ़ने की स्थिति अनुकूल बनी हुई है.
दिल्ली में कब पहुंचेगा मॉनसून
मौसम विभाग के मुताबिक मॉनसून दक्षिण भारत के बाद अब मध्य भारत की और बढ़ चुका है. दिल्ली में मॉनसून 25 से 30 जून के बीच पहुंच सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक अभी दिल्ली में जो बारिश हो रही है, वह प्री-मॉनसून बारिश है. असली मॉनसून बारिश जून के आखिरी हफ्ते में शुरू होने की संभावना है.