scorecardresearch

हजारों तिरंगों से गूंजा मुंगेर, CM सम्राट चौधरी ने निकाली भव्य यात्रा... 'भारत माता की जय' से रंगा हवेली खड़गपुर

मुंगेर में स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को नमन करने, युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करने तथा विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से शुक्रवार को हवेली खड़गपुर अनुमंडल मुख्यालय में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई.

Advertisement
Munger Tiranga Yatra Munger Tiranga Yatra

मुंगेर में स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को नमन करने, युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करने तथा विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से शुक्रवार को हवेली खड़गपुर अनुमंडल मुख्यालय में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्वयं यात्रा का नेतृत्व किया. करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी यात्रा में हजारों की संख्या में लोग हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए. बुजुर्गों से लेकर युवाओं और स्कूली छात्र-छात्राओं तक में खासा उत्साह देखने को मिला. भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयघोष से पूरा नगर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया.

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आरएस उच्च विद्यालय मैदान स्थित हेलीपैड पहुंचे, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. इसके बाद वे वाहन से नंदलाल बसु चौक पहुंचे और वहां माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की. इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक पहुंचे. यहां उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और तिरंगा यात्रा में पैदल शामिल हुए.

तिरंगा यात्रा अंबेडकर चौक से शुरू होकर एकता पार्क, सब्जी बाजार, थाना मोड़, पुरानी चौक और विषहरी स्थान होते हुए सरदार वल्लभभाई पटेल चौक पहुंची. पूरे मार्ग में मुख्यमंत्री के साथ हजारों लोग हाथों में तिरंगा लिए कदम से कदम मिलाकर चलते रहे. देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंजता रहा. यात्रा के दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं में भी विशेष उत्साह नजर आया. सरदार पटेल चौक पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. इसके साथ ही तिरंगा यात्रा का समापन हुआ.

कार्यक्रम में गन्ना मंत्री सह मुंगेर जिला प्रभारी मंत्री संजय कुमार, भाजपा विधायक कुमार प्रणय, जदयू जिलाध्यक्ष नचिकेता मंडल, विधान पार्षद लाल मोहन गुप्ता, प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार मीणा, डीआईजी राकेश कुमार, जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पणीकर, एसपी सैयद इमरान मसूद सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, छात्र-छात्राएं और आम नागरिक मौजूद रहे. तिरंगा यात्रा को लेकर पूरे नगर क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. यात्रा के दौरान जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई थी. मुख्यमंत्री के नेतृत्व में निकली इस यात्रा ने हवेली खड़गपुर में देशभक्ति और एकजुटता का संदेश दिया.

ये भी पढ़ें: