Naari Kavach Launched in Noida
Naari Kavach Launched in Noida
देशभर में चर्चा में रहे Twisha Sharma केस ने एक बार फिर महिलाओं के खिलाफ होने वाली घरेलू हिंसा और मानसिक प्रताड़ना की गंभीर तस्वीर सामने रखी है. इसी घटना से प्रेरित होकर नोएडा की कॉर्पोरेट प्रोफेशनल लवलीन अरोड़ा ने 'नारी कवच' नाम से एक नई पहल शुरू की है. इस प्लेटफॉर्म का उद्देश्य उन महिलाओं को कानूनी, भावनात्मक और सामाजिक सहायता देना है जो घरेलू हिंसा, वैवाहिक प्रताड़ना और मानसिक उत्पीड़न जैसी समस्याओं का सामना कर रही हैं.
महिलाओं को मिलेगा सुरक्षित मंच
लवलीन अरोड़ा का कहना है कि समाज में आज भी कई महिलाएं डर, सामाजिक दबाव और बदनामी के भय से अपनी पीड़ा किसी से बाट नहीं पाती. कई बार परिवार भी उन्हें चुप रहने और समझौता करने की सलाह देता है. ऐसे में नारी कवच महिलाओं के लिए एक सुरक्षित और भरोसेमंद मंच बनने की कोशिश करेगा, जहां वे बिना किसी डर के अपनी बात रख सकें. उन्होंने कहा कि हर महिला को यह महसूस होना चाहिए कि वह अकेली नहीं है और उसके साथ खड़े होने वाले लोग मौजूद हैं. इसी सोच के साथ इस पहल की शुरुआत की गई है.
परिवार और दोस्तों का मिला साथ
नारी कवच केवल एक व्यक्ति की पहल नहीं है. इस मिशन में लवलीन की बहनों और करीबी दोस्तों की भी अहम भूमिका है. सभी लोग अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े हैं और कानूनी जागरूकता, काउंसलिंग, सोशल आउटरीच और कम्युनिकेशन जैसे कामों में सहयोग करेंगे. इसके अलावा 'विंग्स ऑफ होप' नामक एनजीओ भी इस पहल को समर्थन देगा. यह संस्था लवलीन के दिवंगत जीजा द्वारा स्थापित की गई थी. इससे नारी कवच की पहुंच और प्रभाव को मजबूत बनाने में मदद मिलेगी.
डिजिटल और ग्राउंड लेवल पर काम करेगा प्लेटफॉर्म
नारी कवच सोशल मीडिया और जमीनी स्तर दोनों पर काम करेगा ताकि जरूरतमंद महिलाओं तक सहायता पहुंच सके. संस्था महिलाओं को कानूनी सलाह, काउंसलिंग और उनके अधिकारों की जानकारी देने का काम करेगी. साथ ही गरीब और जरूरतमंद लड़कियों की शिक्षा और स्किल डेवलपमेंट पर भी फोकस किया जाएगा ताकि वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें.
घरेलू सहायिका की कहानी ने बदली सोच
लवलीन ने बताया कि उनकी घरेलू सहायिका अक्सर चोट के निशानों के साथ काम पर आती थी. बातचीत करने पर पता चला कि वह लंबे समय से घरेलू हिंसा का शिकार थी. इस घटना ने उन्हें अंदर तक झकझोर दिया. इसके बाद उन्होंने महिला की कानूनी मदद करवाई और उसके बच्चों की पढ़ाई का जिम्मा भी उठाया. लवलीन का कहना है कि ऐसी कहानियां हमारे आसपास बहुत हैं, लेकिन ज्यादातर महिलाएं चुपचाप दर्द सहती रहती हैं. उनका मानना है कि नारी कवच केवल एक संस्था नहीं, बल्कि महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और आत्मविश्वास दिलाने की दिशा में एक मजबूत कदम है.
रिपोर्टर: अनमोल नाथ बाली
ये भी पढ़ें: