scorecardresearch

Weather Alert Today: बंगाल की खाड़ी में उठा तूफान! आज इन राज्यों में होगी मूसलाधार बारिश, जानें दिल्ली सहित अपने शहर के मौसम का हाल

बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन के कारण 24 सितंबर 2026 को देश के कई राज्यों में मौसम बदल गया है. IMD ने ओडिशा, आंध्र प्रदेश, बिहार, झारखंड और पूर्वी यूपी के साथ कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवा चलने का अलर्ट जारी किया है.

Advertisement
24 सितंबर को बारिश का अलर्ट 24 सितंबर को बारिश का अलर्ट

देश के कई हिस्सों में 24 सितंबर 2026 को मौसम बदलने वाला है. बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट को पार करता दिखाई दे रहा है, जिससे बारिश का दौर आज एक बार फिर जारी रह सकता है. इसके असर खास तौर से ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना समेत कई राज्यों पर दिखाई देगा. कुछ शहरों में भारी बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है. IMD के रिपोर्ट में बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों के लिए भी बारिश की चेतावनी दी गई है.

दिल्ली-एनसीआर
दिल्ली, नोएडा और गुड़गांव में आज बारिश होने के आसार लगभग न के बराबर है. साफ कहें तो दिल्ली-NCR के लिए फिलहाल बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है. दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में रहने वाले लोगों आज भी धूप और गर्मी का ही सामना करना पड़ेगा.

उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश में मौसम को लेकर पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में अंतर है. पूर्वी यूपी में 24 सितंबर को भारी बारिश और गरज-चमक होने की संभावना ज्यादा है, जबकि पश्चिमी यूपी के लिए कोई खास अपडेड नहीं है. पूर्वी यूपी के प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, आजमगढ़, अयोध्या और आसपास के इलाकों में मौसम पर नजर रखना जरूरी रहेगा. 

बिहार
बिहार में 24 सितंबर को बहुत भारी बारिश का अलर्ट है. इसके साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है. पटना, गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और आसपास के इलाकों में मौसम सक्रिय रह सकता है. IMD ने 24 से 26 सितंबर को भी राज्य में भारी बारिश की चेतावनी दी है.

झारखंड
झारखंड में 24 सितंबर को बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. बारिश के साथ गरज-चमक भी हो सकती है. रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, हजारीबाग और आसपास के इलाकों में मौसम एकदम से बारिश की ओर करवट लेगा.

ओडिशा
ओडिशा में आज मानसून सबसे ज्यादा एक्टिव रहने वाला है. IMD ने 24 सितंबर को अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी दी है, साथ ही गरज-चमक और तेज हवाओं की स्थिति बनी रह सकती है. भुवनेश्वर, पुरी, गंजाम, गजपति, कोरापुट, मलकानगिरी और आसपास के इलाकों में डीप डिप्रेशन का असर देखने को मिल सकता है.

पश्चिम बंगाल
पश्चिम बंगाल में 24 सितंबर को बहुत भारी बारिश की चेतावनी है. दक्षिण बंगाल के साथ गंगा के मैदानी हिस्सों में गरज-चमक भी हो सकती है. कोलकाता, हावड़ा, हुगली, पुरबा मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम जैसे इलाकों में बारिश का असर देखने को मिल सकता है. उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में भी 24 सितंबर को बहुत भारी बारिश की चेतावनी है.

मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में 24 सितंबर को भारी बारिश की चेतावनी है. पश्चिमी मध्य प्रदेश के लिए आज कोई भारी बारिश की चेतावनी नहीं है, हालांकि गरज-चमक और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है. जबलपुर, रीवा, सतना, शहडोल और आसपास के पूर्वी इलाकों में बारिश का असर ज्यादा रह सकता है.

महाराष्ट्र
महाराष्ट्र के विदर्भ में 24 सितंबर को बहुत भारी बारिश की चेतावनी है. मराठवाड़ा में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट है, जबकि मध्य महाराष्ट्र और कोंकण-गोवा क्षेत्र में गरज-चमक और तेज सतही हवाओं की चेतावनी दी गई है. नागपुर, अमरावती, अकोला, चंद्रपुर, नांदेड़ और आसपास के इलाकों में मौसम सक्रिय रह सकता है.

आंध्र प्रदेश
उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश में 24 सितंबर को अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी है. IMD ने गरज-चमक और तेज सतही हवाओं का भी अलर्ट दिया है. विशाखापट्टनम, श्रीकाकुलम, विजयनगरम, काकीनाडा और आसपास के तटीय इलाकों में मौसम काफी सक्रिय रह सकता है. डीप डिप्रेशन उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट को पार कर रहा है.

नॉर्थ ईस्ट का मौसम 
24 सितंबर को नॉर्थ ईस्ट के अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में मौसम सक्रिय रहेगा. असम और मेघालय में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी है, जबकि अरुणाचल प्रदेश में गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है. गुवाहाटी, डिब्रूगढ़, जोरहाट, सिलचर, शिलॉन्ग, ईटानगर, इंफाल, कोहिमा, आइजोल और अगरतला समेत कई इलाकों में बादल और बारिश देखने को मिल सकती है. IMD के मुताबिक असम-मेघालय में 24 सितंबर को भारी बारिश और गरज-चमक का अलर्ट है, जबकि नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के लिए भी 24 सितंबर को गरज-चमक और बिजली की चेतावनी मौसम विभाग के ओर से दी गई है.

ये भी पढ़ें