CM Nitish Kumar
CM Nitish Kumar
बिहार में राज्यसभा चुनाव हो गए हैं. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सांसद चुन लिए गए हैं. कहा जा रहा है कि 30 मार्च तक सीएम नीतीश कुमार को विधानमंडल की सदस्यता छोड़नी होगी. अगर वो ऐसा नहीं करते हैं तो उनकी राज्यसभा सदस्यता चली जाएगी. बताया जा रहा है कि ऐसा इसलिए होगा, क्योंकि नियम के मुताबिक किसी सदन के सदस्य चुने जाने के 14 दिन के भीतर दूसरे सदन की सदस्यता छोड़नी होती है. इस चर्चा को और भी हवा तब मिली, जब बिहार के मंत्री श्रवण कुमार ने कह दिया कि नीतीश कुमार को 14 दिन में अपनी सदस्यता छोड़नी होगी. लेकिन क्या ये सच है कि अगर नीतीश कुमार 30 मार्च तक विधानमंडल की सदस्यता नहीं छोड़ते हैं तो राज्यसभा सदस्यता चली जाएगी? चलिए आपको इसको लेकर नियम बताते हैं.
क्या है 14 दिनों का नियम?
भारतीय संविधान के अनुच्छेद 101(2) में बताया गया है कि कोई व्यक्ति एक ही समय में संसद और राज्य के विधानमंडल दोनों का सदस्य नहीं हो सकता है. अगर ऐसा होता है तो उसे एक निश्चित समयसीमा के अंदर एक सदन से त्यागपत्र देना होगा. समयसीमा का निर्धारण राष्ट्रपति के बनाए नियम से तय होगा. त्यागपत्र की समयसीमा प्रोहिबिशन ऑफ सिमुल्टेनियस मेंबरशिप रूल्स 1950 में तय की गई है. इसमें 14 दिनों का समय तय किया गया है. 14 दिनों के भीतर अपना पद छोड़ना होगा.
क्यों हो रही है चर्चा?
नियम के मुताबिक अगर कोई दो सदन का सदस्य है तो 14 दिन के भीतर एक सदन की सदस्यता छोड़नी होती है. जब नीतीश कुमार राज्यसभा के सदस्य चुने गए तो चर्चा होने लगी कि नीतीश कुमार के पास सिर्फ 14 दिन है. इसके भीतर उनको विधानमंडल की सदस्यता से इस्तीफा देना होगा. अगर वो ऐसा नहीं करते हैं तो राज्यसभा की सदस्यता चली जाएगी. लेकिन जो लोग इसकी चर्चा कर रहे हैं, वो समझ नहीं पा रहे हैं कि 14 दिन का पूरा नियम क्या है?
14 दिन के नियम को समझिए-
14 दिन की समयसीमा तय है. लेकिन इसकी गिनती कब से होगी? इसको लेकर गलतफहमी हो रही है. निर्वाचन की तारीख और गजट नोटिफिकेशन दो चीजें होती है. 14 दिन की गिनती गजट के प्रकाशन के दिन से होगी. इसका मतलब है कि गजट के प्रकाशन से दिन से 14 दिन के भीतर विधानमंडल की सदस्यता छोड़नी होगी. आपको बता दें कि गजट का प्रकाशन अब तक नहीं हुआ है. इसलिए अगर नीतीश कुमार 30 मार्च तक विधानमंडल की सदस्यता नहीं छोड़ेंगे तो उनकी राज्यसभा की सदस्यता नहीं जाएगी.
ये भी पढ़ें: