UP International Trade Show 2026
UP International Trade Show 2026
ग्रेटर नोएडा के एक्सपोमार्ट में 25 से 29 सितंबर तक यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 का आयोजन होने जा रहा है. ट्रेड शो में देश-विदेश से बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे, वहीं कई वीआईपी और विशिष्ट मेहमानों का भी आना प्रस्तावित है. ऐसे में कार्यक्रम के दौरान ट्रैफिक को संभालना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती होगी. लोगों को जाम और ट्रैफिक की परेशानी से बचाने के लिए नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने खास ट्रैफिक प्लान जारी किया है. इसके तहत 24 सितंबर से 29 सितंबर तक कई रास्तों पर भारी वाहनों की एंट्री बंद रहेगी, जबकि एक्सपोमार्ट आने-जाने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रूट तय किए गए हैं.
सुबह 7 से रात 11 बजे तक भारी वाहनों पर रोक
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार 24 से 29 सितंबर तक रोजाना सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और एक्सपोमार्ट के आसपास HGV, MGV और LGV वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. हालांकि दूध, सब्जी, फल जैसी जरूरी चीजें ले जाने वाले वाहनों और चिकित्सीय वाहनों को नियमों के अनुसार छूट दी जाएगी.
एक्सपोमार्ट पहुंचने के लिए इन रास्तों का करें इस्तेमाल
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से एक्सपोमार्ट जाने वाले वाहन हिंडन कट से सर्विस रोड, संस्कृति मंत्रालय तिराहा, पुस्ता रोड और एक्यूरेट कॉलेज तिराहा होते हुए नासा बड़े गोलचक्कर की पार्किंग तक पहुंच सकेंगे. इसके अलावा गलगोटिया कट से आने वाले वाहन एक्सपोमार्ट गोलचक्कर होते हुए नासा गोलचक्कर की पार्किंग में वाहन खड़ा कर सकेंगे. सूरजपुर और परीचौक की तरफ से आने वाले लोगों के लिए एलजी गोलचक्कर और शारदा गोलचक्कर होते हुए नासा गोलचक्कर तक जाने का रास्ता रहेगा. वहीं परीचौक से आने वाले वाहन जगतफार्म गोलचक्कर से ईशान कॉलेज के पास सर्विस रोड और जीएल बजाज की ओर जाने वाले रास्ते से भी पार्किंग तक पहुंच सकेंगे. नासा बड़े गोलचक्कर के अंदर बनी पार्किंग भर जाने पर KCC, जुबिलिएंट और यूनाइटेड कॉलेज परिसर की पार्किंग का इस्तेमाल किया जाएगा.
कार्यक्रम खत्म होते ही बदल जाएगा बाहर निकलने का रूट
ट्रेड शो खत्म होने के बाद पार्किंग से निकलने वाले वाहनों को एक्सपोमार्ट की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी. वाहन शारदा गोलचक्कर, एलजी गोलचक्कर और सूरजपुर होते हुए कच्ची सड़क तिराहा, कुलेसरा और फेस-2 की तरफ जा सकेंगे. इसके बाद ककराला से सोरखा, पर्थला, किसान चौक या भंगेल, बरौला और सेक्टर-37 होकर अपने गंतव्य तक पहुंचा जा सकेगा. दिल्ली और गाजियाबाद जाने वाले वाहनों को शारदा, एलजी, साकीपुर और तिलपता गोलचक्कर होते हुए दादरी से NH-24/09 की तरफ भेजा जाएगा. वहीं ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे जाने वाले वाहन 130 मीटर रोड और सिरसा गोलचक्कर होते हुए आगे जा सकेंगे. यमुना एक्सप्रेसवे जाने वालों के लिए शारदा, एलजी, आसियाना, डेल्टा-3, बीटा-2, लेबर चौक, डेल्टा-1, आईटीबीपी और पी-3 गोलचक्कर होते हुए जीरो प्वाइंट का रूट तय किया गया है.
ट्रकों के लिए भी अलग व्यवस्था
ट्रेड शो में प्रदर्शनी सामग्री लेकर आने वाले ट्रकों को सामान उतारने के बाद एक्सपोमार्ट के पास खड़े रहने की अनुमति नहीं होगी. ऐसे ट्रक नासा गोलचक्कर से शारदा, एलजी, साकीपुर और 130 मीटर रोड होते हुए सिरसा गोलचक्कर से रामपुर-फतेहपुर तिराहा स्थित ट्रक पार्किंग में खड़े किए जाएंगे. इस पार्किंग में 260 ट्रकों की क्षमता है. जरूरत पड़ने पर ट्रक इसी रूट से एक्सपोमार्ट वापस आ सकेंगे.
लोगों से मेट्रो इस्तेमाल करने की अपील
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ट्रेड शो के दौरान अपनी यात्रा पहले से प्लान करें और संभव हो तो मेट्रो का ज्यादा इस्तेमाल करें. लोगों को घर से पर्याप्त समय लेकर निकलने और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है. ट्रैफिक से जुड़ी किसी परेशानी की स्थिति में गौतमबुद्धनगर ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क किया जा सकता है.
ये भी पढ़ें: