scorecardresearch

उत्तर भारत तप रहा, दक्षिण में झमाझम बारिश, दिल्ली-UP में हीटवेव का अलर्ट, मानसून आने में 6 दिन बाकी

देश में मौसम इस समय दो अलग-अलग तस्वीरें दिखा रहा है. उत्तर भारत भीषण गर्मी और लू की चपेट में है, जबकि दक्षिण भारत में तेज बारिश का दौर जारी है. उत्तर प्रदेश के बांदा में तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया.

weather update today weather update today
हाइलाइट्स
  • उत्तर भारत में आग उगल रहा मौसम

  • दक्षिण भारत में बारिश और ठंडी हवाएं

देश में मौसम इस समय दो बिल्कुल अलग तस्वीरें दिखा रहा है. एक तरफ उत्तर और मध्य भारत भीषण गर्मी से झुलस रहे हैं, तो दूसरी तरफ दक्षिण भारत में तेज बारिश और आंधी का दौर जारी है. मंगलवार 19 मई को उत्तर प्रदेश का बांदा देश का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. यह इस साल के सबसे ज्यादा तापमान में शामिल है. मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार 20 मई को भी राहत मिलने की उम्मीद कम है और कई राज्यों में हीटवेव का असर जारी रहेगा.

उत्तर भारत में आग उगल रहा मौसम
दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और विदर्भ में गर्मी लगातार लोगों की परेशानी बढ़ा रही है. कई इलाकों में लू से लेकर गंभीर हीटवेव जैसी स्थिति बनी हुई है. दिन ही नहीं, रातें भी बेहद गर्म हो गई हैं. मौसम विभाग के अनुसार कुछ इलाकों में रात का तापमान सामान्य से 5 डिग्री तक ज्यादा रिकॉर्ड किया गया.

हरियाणा के रोहतक में रात का न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रहा. गर्म हवाओं और उमस के कारण लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल रही. दिल्ली और पंजाब के कुछ हिस्सों में बुधवार के लिए ‘सीवियर हीटवेव’ यानी अत्यधिक लू की चेतावनी जारी की गई है. फिलहाल तापमान में बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है. 25 मई तक उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों में गर्मी का यही दौर जारी रह सकता है.

बांदा बना देश का सबसे गर्म शहर
उत्तर प्रदेश का बांदा मंगलवार को सबसे ज्यादा गर्म रहा. यहां तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इतनी गर्मी में दोपहर के समय बाहर निकलना खतरनाक हो सकता है. डॉक्टरों ने लोगों को धूप में कम निकलने, ज्यादा पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक राजस्थान, पूर्वी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक तापमान 45 डिग्री के ऊपर बना रह सकता है.

North India Faces Extreme Heat

दक्षिण भारत में बारिश और ठंडी हवाएं
जहां उत्तर भारत तप रहा है, वहीं दक्षिण भारत में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ है. केरल, लक्षद्वीप और तटीय कर्नाटक में तेज बारिश हो रही है. तमिलनाडु के कन्याकुमारी जिले के नेय्यूर में एक दिन में 16 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई.

केरल में सबसे ज्यादा व्यापक बारिश देखने को मिली. लगातार हो रही बारिश से तापमान में गिरावट आई है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक केरल और आसपास के इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है.

बिहार-बंगाल में आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट
पूर्वी भारत के कई राज्यों में मौसम तेजी से बदल सकता है. बिहार, झारखंड, ओडिशा, आंध्र प्रदेश और गंगीय पश्चिम बंगाल में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. मौसम विभाग ने 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान जताया है. ओडिशा में कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी दर्ज की गई. वहां गर्मी और उमस के बीच अचानक आंधी-बारिश का असर देखने को मिल सकता है.

 

Weather Update

मानसून ने बढ़ाई उम्मीद
भीषण गर्मी के बीच सबसे राहत भरी खबर मानसून को लेकर है. दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसके 26 मई के आसपास केरल पहुंचने की संभावना है. सामान्य तौर पर मानसून 1 जून तक केरल पहुंचता है, लेकिन इस बार इसके पहले आने के संकेत मिल रहे हैं. मौसम विभाग के मुताबिक अगले 3 से 4 दिनों में अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर में परिस्थितियां मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल बनी रहेंगी. अगर मानसून समय से पहले पहुंचता है, तो इससे किसानों को राहत मिलेगी और उत्तर भारत में भी गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद बढ़ जाएगी.

लोगों के लिए क्या सावधानी जरूरी?
भीषण गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञ लगातार सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं. खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचना चाहिए. ज्यादा पानी पीना, ORS या नींबू पानी लेना और धूप में सिर ढंककर निकलना जरूरी है.

दूसरी तरफ जिन इलाकों में तेज बारिश और आंधी की संभावना है, वहां लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है.

ये भी पढ़ें