नोएडा एलिवेटेड रोड एक हफ्ते तक बंद रहेगा एक लेन
नोएडा एलिवेटेड रोड एक हफ्ते तक बंद रहेगा एक लेन
नोएडा की एलिवेटेड रोड से रोजाना सफर करने वाले लोगों को अगले एक सप्ताह तक ट्रैफिक की परेशानी झेलनी पड़ सकती है. सड़क पर बार-बार गड्ढा होने के कारण मरम्मत का काम दोबारा शुरू किया गया है. इसके चलते सेक्टर-62 से सेक्टर-18 की ओर जाने वाली लेन को बंद कर दिया गया है. ऐसे में ऑफिस जाने वाले लोगों और रोजाना इस रास्ते से गुजरने वाले वाहन चालकों को सफर के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलना पड़ सकता है.
इस्कॉन मंदिर के पास बंद की गई लेन
नोएडा के सेक्टर-33 स्थित इस्कॉन मंदिर के पास एलिवेटेड रोड की मरम्मत की जा रही है. इस दौरान प्रभावित लेन पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है. डीसीपी ट्रैफिक सैयद अली अब्बास के मुताबिक, मरम्मत का काम पूरा होने तक इस दिशा में यातायात बंद रहेगा. हालांकि, सेक्टर-18 से सेक्टर-62 की ओर जाने वाली लेन पर ट्रैफिक सामान्य रूप से चल रहा है.
एक ही जगह दोबारा हुआ गड्ढा
सेक्टर-27 से सेक्टर-60 तक बनी करीब 4.8 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड पर रविवार को सड़क की ऊपरी परत धंस गई थी. मरम्मत के बाद यातायात शुरू कर दिया गया, लेकिन मंगलवार को उसी जगह दोबारा गड्ढा हो गया. इस बार गड्ढे में सड़क के नीचे लगा सरिया भी दिखाई देने लगा. इससे सड़क की मजबूती को लेकर सवाल उठने लगे हैं.
IIT रुड़की के इंजीनियर करेंगे जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए नोएडा प्राधिकरण ने आईआईटी रुड़की और ब्रिज कारपोरेशन के इंजीनियरों से तकनीकी जांच कराने का फैसला किया है. जांच में सड़क की ऊपरी परत के साथ नीचे मौजूद कंक्रीट और स्टील के ढांचे की स्थिति भी देखी जाएगी. इससे बार-बार सड़क धंसने की वजह का पता लगाने में मदद मिलेगी.
इन रास्तों से गुजरने वाले रहें सावधान
करीब 480 करोड़ रुपये की लागत से बनी यह एलिवेटेड रोड साल 2017 में शुरू हुई थी. यह दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ओर जाने वाले लोगों के लिए अहम मार्ग है. ऐसे में वाहन चालकों को सलाह है कि वे निकलने से पहले अपनी यात्रा की योजना बना लें और संभावित ट्रैफिक को ध्यान में रखकर अतिरिक्त समय लेकर चलें.
ये भी पढ़ें: