Weather Report (Photo PTI)
Weather Report (Photo PTI)
देश के कई हिस्सों में गर्मी तो कई हिस्सों में बारिश और तूफान लोगों की परेशानी का सबब बना हुआ है. वहीं आने वाले दिनों में भी कई इलाको में भारी बारिश की संभावना है. इसको लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है. दिल्ली एनसीआर में भी मौसम करवट ले सकता है. IMD के अनुसार 6 अप्रैल तक बीच-बीच में आंशिक तौर पर बादल देखने को मिल सकते हैं. पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में चक्रवाती तूफान से भारी नुकसान हुआ है तो असम के गुवाहाटी में भारी बारिश के कारण गोपीनाथ बोरदोलोई एयरपोर्ट की छत का एक हिस्सा ढह गया.
यूपी बिहार में कैसा रहेगा मौसम
गर्मी की शुरुआत हो चुकी है और तापमान में वृद्धि देखने को मिल रही है. लेकिन मौसम विभाग के अनुसार यूपी में आने वाले दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री गिर सकता है. यूपी के कुछ इलाकों में अभी से ही तेज गर्मी ने लोगों को परेशान कर रखा है. ऐसे में अगर तापमान में गिरावट होती है तो उनके लिए राहत की खबर हो सकती है. अगर बिहार की बात करें तो तापमान में और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है.
इन राज्यों के लिए जारी हुआ अलर्ट
मौसम विभाग ने आने वाले 5 दिनों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. पूर्वोत्तर के असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में तेज हवाएं, बिजली गरजने और भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट विभाग ने जारी किया है. IMD के अनुसार इन राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. 30 से 40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती है.
चक्रवाती तूफान ने मचाई तबाही
पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में चक्रवाती तूफान के कारण 4 लोगों की मौत हो गए और कई लोग घायल हो गए. कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए, बिजली के खंभे गिर गए और पेड़ उखड़ गए हैं. फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है.