scorecardresearch

PM Modi: आने वाला समय भारत के लिए अवसरों से भरा है- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब दिया. इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि 21वीं सदी का पहला क्वार्टर पूरा हो गया है. लेकिन यह दूसरा क्वार्टर निर्णायक है. ठीक वैसे ही जैसे पिछली सदी में भारत की आजादी की लड़ाई का दूसरा क्वार्टर था. मैं साफ देख सकता हूं कि विकसित भारत बनाने की दिशा में यह दूसरा क्वार्टर भी उतना ही काबिल होने वाला है.

PM Modi in Rajya Sabha (Photo:Youtube/Screengrab) PM Modi in Rajya Sabha (Photo:Youtube/Screengrab)

राज्यसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर अपनी बात रखी. इस दौरान विपक्ष के सदस्यों ने वेल में जाकर जोरदार नारेबाजी की. विपक्षी सांसदों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण के विरोध में वॉकआउट कर दिया. इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया का झुकाव आज भारत की तरफ है. दुनिया भरोसे के साथ भारत की तरफ देख रही है.

हमने गरीबों को सशक्त बनाया- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि हमने गरीब को सशक्त करने का काम किया. गरीबों ने हमारी नीतियों पर भरोसा करके उन्होंने अपने आपको खपाने के लिए कोई कमी नहीं रखी. 25 करोड़ गरीब भाइयों ने गरीबी को परास्त किया और गरीबी से बाहर आए. पीएम ने कहा कि हमारे यहां सैकड़ों लोग रेलवे क्रॉसिंग पर मरते थे. हमने सभी क्रॉसिंग को ठीक किया.

पीएम ने कहा कि हमने साल 2014 के बाद 18 हजार गांवों में उजाला पहुंचाया. उन्होंने कहा कि वो भी एक वक्त था, जब सेना के गोला-बारूद नहीं था, जवानों के लिए जूते तक नहीं थे. हमने जवानों के लिए खजाने खोल दिए.

पीएम मोदी ने कहा कि एक बार यूपी के सीएम सदन में रो पड़े थे. दिमागी बुखार के कारण अनगिनत बच्चे मर रहे थे. हमने दिमागी बुखार से मुक्ति दिलाई.

वो मोदी की कब्र क्यों खोदना चाहते हैं- पीएम
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 25 साल से संसद का एक भी सत्र ऐसा नहीं गया, जिसमें इस सदन के अंदर इन लोगों ने मोदी को गाली देने का काम नहीं किया हो. किसी ने मुझसे पूछा था कि आपके स्वास्थ्य का क्या हाल है? मैंने बोला- मैं डेली दो किलो गाली खाता हूं. पीएम मोदी ने कहा कि हमने 370 की दीवार गिरा दी, इसलिए मोदी की कब्र खोदना चाहते हैं. हमने नॉर्थ ईस्ट में बम-बंदूक की जगह विकास किया, इसलिए वो कब्र खोदना चाहते हैं. ऑपरेशन सिंदूर करते हैं, इसलिए उनको परेशानी होती है, इसलिए वो मोदी की कब्र खोदते हैं. माओवादी आतंक से देश को मुक्त दिलाने के लिए साहसपूर्ण कदम उठा रहे हैं, इसलिए वो मोदी की कब्र खोदना चाहते हैं.

पीएम मोदी ने कहा कि उनको लगता है कि प्रधानमंत्री पद उनके परिवार की जागीर है, उसपर कोई और बैठ नहीं सकता. कोई क्यों बैठा? हमारा पैतृक अधिकार था. इसलिए मोदी कब्र खोदने का नारा लेकर चल रहे हैं.

आने वाला समय भारत के लिए अवसरों से भरा- पीएम
पीएम मोदी ने कहा कि आज दुनिया में रेयर अर्थ मिनिरल हथियार बन गए हैं. हम उसपर काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि आज हर किसी को अपना भविष्य भारत के साथ मिलकर दिखता है. हर कोई भारत का साथ चाहता है. पीएम ने कहा कि आने वाला समय भारत के लिए अवसरों से भरा है. हम उस दिशा में नीतियां बनाकर आगे चल रहे हैं. 
 

आज वर्ल्ड ऑर्डर बदल रहा- पीएम
पीएम मोदी ने कहा कि आज वर्ल्ड ऑर्डर बदल रहा है. दुनिया भारत की तरफ उम्मीद के साथ देख रही है. दुनिया का झुकाव भारत की तरफ है. भारत ग्लोबल साउथ की बुलंद आवाज बना है. प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत विश्व के साथ स्पर्धा करने के लिए पूरी तरह तैयार है. आज दुनिया हमारे उद्यमियों को समानता की दृष्टि से देख रही है.

पीएम मोदी ने कहा कि जब देश आजाद हुआ तब हम दुनिया में 6 नंबर की इकोनॉमी थे. लेकिन इन लोगों ने ऐसा हाल करके रखा कि 11 नंबर पर पहुंचा दिया. आज हम 3 नंबर पर जाने की दिशा में तेज गति से अग्रसर हैं.

किसानों पर बोले पीएम मोदी-
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने छोटे किसानों का ध्यान नहीं रखा. हमारे दिल में छोटे किसानों के लिए दर्द है. हमने पीएम किसान सम्मान निधि से उनको सम्मान दिया. हम किसानों को 4 लाख करोड़ रुपए दे चुके हैं.

27 देशों के साथ डील- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि भारत आज अनेक देशों के साथ भविष्य के लिए तैयार ट्रेड डील साइन कर रहा है. पिछले कुछ समय में हमने दुनिया के 9 बड़े और महत्वपूर्ण देशों के साथ ट्रेड डील साइन की हैं. एक साथ 27 देशों के साथ सबसे बड़ी डील की, जिसमें यूरोपियन यूनियन भी शामिल है.

कांग्रेस-बीजेपी की सोच में फर्क- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि असम के बोगीबील ब्रिज से असम सहित पूरे नॉर्थ ईस्ट को बड़ी सुविधा वाला काम हमने पूरा किया. पीएम ने कहा कि एडवांस्ड में हम का पूरा करते हैं. उन्होंने कहा कि हमारा एप्रोच और कांग्रेस के बीच में जमीन-आसमान का फर्क है. कांग्रेस देशवासियों को समस्या मानती है. इंदिरा जी एक बार ईरान गई थीं और वो भाषण दे रही थीं. इंदिरा जी ने कहा कि जब किसी ने मेरे पिताजी से पूछा कि उनके सामने कितनी समस्याएं हैं तो उन्होंने उत्तर दिया था कि 35 करोड़. उस समय हमारे देश की जनसंख्या 35 करोड़ थी. देशवासी नेहरू जी के लिए समस्या लगते थे. उन्होंने आगे कहा कि आज देश की जनसंख्या 57 करोड़ है. इसलिए मेरी समस्या भी उतनी ही है.

पीएम मोदी ने कहा कि हमारे लिए देशवासी पूंजी है. हम उनको समस्या कैसे कह सकते हैं? ऐसी सोच वाले लोग अपने परिवार का भला करेंगे और किसका करेंगे?

कांग्रेस ने राष्ट्रपति का अपमान- पीएम
पीएम ने कहा कि देश के लोगों का अपमान करना कांग्रेस के स्वभाव में है. कांग्रेस ने बीते दिनों राष्ट्रपति का अपमान किया है. उन्होंने कहा कि कल लोकसभा में भी राष्ट्रपति जी के अभिभाषण पर चर्चा नहीं हो पाई. ये राष्टपति पद का घोर अपमान किया है. गरीबी से निकली हुई एक महिला के साथ जो आपने व्यवहार किया है, आपने महिला का अपमान किया है, आपने आदिवासी समाज का अपमान किया है, आपने संविधान का अपमान किया है.

ये भी पढ़ें: