पीयूष पांडे
पीयूष पांडे
भारत के सबसे बड़े ऐड गुरु और पद्मश्री पीयूष पांडे का गुरुवार को मुंबई में निधन हो गया. वे 70 साल के थे और कुछ समय से गंभीर संक्रमण से जूझ रहे थे. आज (शनिवार) मुंबई में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. पीयूष पांडे का नाम भारतीय विज्ञापन जगत में उस दौर से जुड़ा है जब ऐड सिर्फ प्रोडक्ट नहीं, बल्कि लोगों की भावनाओं से जुड़े होते थे.
'अबकी बार मोदी सरकार' और 'मिले सुर मेरा तुम्हारा' जैसे विज्ञापन बनाए
पीयूष ने भारत के कई यादगार कैंपेन दिएजिनमें फेविकॉल का ‘ट्रक वाला विज्ञापन’, कैडबरी का ‘क्रिकेट वाला एड’, एशियन पेंट्स का ‘हर घर कुछ कहता है’, और हच का ‘पग वाला विज्ञापन’ आज भी लोगों की यादों में हैं. पीयूष ने ही 2014 में बीजेपी का चुनावी नारा ‘अबकी बार मोदी सरकार’ लिखा था, जिसे देशभर में अपार लोकप्रियता मिली. इसके अलावा उन्होंने लोकप्रिय देशभक्ति गीत ‘मिले सुर मेरा तुम्हारा’ भी लिखा, जो राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बना.
पीयूष ने 1982 में ओगिल्वी (Ogilvy) से अपने करियर की शुरुआत की और बाद में ओगिल्वी इंडिया के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन और ग्लोबल चीफ क्रिएटिव ऑफिसर बने. वो शुरू में रेडियो जिंगल्स के लिए वॉइस देते थे, फिर विज्ञापनों की दुनिया में ऐसे दाखिल हुए कि भारतीय ऐड इंडस्ट्री का चेहरा ही बदल दिया. उनकी लीडरशिप में ओगिल्वी इंडिया लगातार 12 साल तक ‘इंडिया की नंबर-1 एजेंसी’ रही.
50 दिन में बना ‘अबकी बार मोदी सरकार’
पीयूष ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उन्होंने बीजेपी का 'अबकी बार मोदी सरकार' कैंपेन सिर्फ 50 दिनों में तैयार किया था. इस दौरान उनकी टीम ने 200 से ज्यादा टीवी कमर्शियल, 100 से ज्यादा रेडियो ऐड और हर रात 100 से अधिक प्रिंट ऐड बनाए. हर दिन बीजेपी के नेता उनके साथ बैठकर इन ऐड्स को अप्रूव करते थे. पीयूष के मुताबिक, यह कैंपेन “सीधे बोलचाल की भाषा में लिखा गया था ताकि आम जनता तुरंत जुड़ सके.”
यादगार ऐड जो लोगों के दिलों में बस गए
फेविकॉल का ट्रक वाला विज्ञापन(2007): एक ट्रक पर बैठे लोग ऊबड़-खाबड़ सड़क पर भी नहीं गिरते. इस ऐड ने गोंद को ब्रांड बना दिया.
कैडबरी का 'क्रिकेट वाला विज्ञापन' (2007): एक बच्चे के छक्का मारने पर पूरा मोहल्ला झूम उठता है, टैगलाइन 'कुछ खास है जिंदगी में' लोगों के दिलों में उतर गई.
एशियन पेंट्स का 'हर घर कुछ कहता है' (2002): दीवारों पर यादों की कहानी दिखाकर ब्रांड को घर की भावनाओं से जोड़ा.
हच का 'पग वाला विज्ञापन' (2003): 'व्हेयरवर यू गो, हच इज विद यू', यह लाइन दोस्ती और भरोसे की पहचान बन गई.
पल्स पोलियो का 'दो बूंदें जिंदगी की': जनस्वास्थ्य का ऐसा संदेश जिसने लाखों बच्चों की जान बचाई.