scorecardresearch

PM Kisan 23rd Installment: किसान भाई और बहन हो जाएं सावधान... 30 जून तक ये नहीं किया तो नहीं आएगी किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त!

22वें किस्त के बाद अब किसान प्रधानमंत्री सम्मान निधि की 23वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं. लेकिन क्या आपको पता है कि आपकी आने वाली किस्त आपकी एक गलती से रुक सकती है. इसलिए झटपट 30 जून से पहले ये एक काम निपटा लें, ताकि बिना किसी झंझट किस्त सीधे आपके अकाउंट में आ जाए.

PM Kisan 23rd installment kyc last date 2026 PM Kisan 23rd installment kyc last date 2026

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत करोड़ों किसानों को हर चार महीने में 2,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है. अब तक 22 किस्तें किसानों के खातों में भेजी जा चुकी हैं और अब सभी किसानों की नजर 23वीं किस्त पर टिकी हुई है. लेकिन अगली किस्त जारी होने से पहले सरकार ने किसानों के लिए एक जरूरी प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य कर दिया है. अगर कोई किसान 30 जून तक अपना e-KYC पूरा नहीं कराता है, तो उसकी अगली किस्त रुक सकती है. ऐसे में लाभार्थियों के लिए समय रहते यह काम निपटाना जरूरी हो गया है.

सरकार क्यों दे रही है बार-बार e-KYC कराने की सलाह?
पिछले कुछ वर्षों में सामने आया कि कई अपात्र लोग भी योजना का लाभ ले रहे थे. इसी को देखते हुए कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने सही या पात्र लाभार्थियों के सत्यापन की प्रक्रिया को और सख्त किया है. सरकार चाहती है कि पीएम किसान योजना का पैसा केवल उन्हीं किसानों तक पहुंचे जो वास्तव में इसके पात्र हैं. यही वजह है कि e-KYC को अनिवार्य बनाया गया है. उप कृषि निदेशक के अनुसार जो किसान समय पर सत्यापन नहीं कराएंगे, उन्हें फिलहाल अपात्र माना जा सकता है और उनकी किस्त रोकी जा सकती है.

देर करने पर क्या-क्या दिक्कत आ सकती है?
अगर 30 जून तक e-KYC पूरा नहीं होता है तो सबसे पहले अगली किस्त प्रभावित हो सकती है. इसके अलावा पीएम किसान पोर्टल पर लाभार्थी का स्टेटस निष्क्रिय (Inactive) भी हो सकता है. इतना ही नहीं, बाद में योजना का लाभ दोबारा शुरू कराने के लिए अतिरिक्त सत्यापन प्रक्रिया से गुजरना पड़ सकता है. इसलिए विभाग किसानों को आखिरी तारीख का इंतजार नहीं करने की सलाह दे रहा है.

घर बैठे भी पूरा हो सकता है सत्यापन
सरकार ने e-KYC के लिए दो विकल्प दिए हैं. किसान चाहें तो अपने नजदीकी CSC या जन सेवा केंद्र जाकर बायोमेट्रिक या OTP के जरिए सत्यापन करा सकते हैं. वहीं जिन किसानों के पास स्मार्टफोन है, वे PM Kisan मोबाइल ऐप के जरिए फेस ऑथेंटिकेशन की मदद से घर बैठे भी यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं. इसमें चेहरे की पहचान के आधार पर सत्यापन किया जाता है.

इन किसानों को तुरंत अपनी जानकारी जांच लेनी चाहिए
कुछ लाभार्थियों को इस बार विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. खासकर वे किसान जिन्होंने पिछले साल e-KYC नहीं कराया था. इसके अलावा जिनका मोबाइल नंबर आधार से लिंक नहीं है या जिनके बैंक खाते में आधार सीडिंग नहीं हुई है, उन्हें भी जल्द अपनी जानकारी अपडेट कर लेनी चाहिए ताकि किस्त जारी होने के समय कोई परेशानी न आए.

आखिरी तारीख का इंतजार न करें
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे 30 जून का इंतजार करने के बजाय जल्द से जल्द सत्यापन पूरा कर लें. अंतिम दिनों में सर्वर पर अधिक दबाव या तकनीकी समस्या आने की आशंका रहती है, जिससे प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है. ऐसे में अगर आप भी पीएम किसान योजना के लाभार्थी हैं और 23वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं, तो e-KYC की प्रक्रिया समय रहते पूरी कर लेना ही समझदारी होगी. इससे आपकी अगली 2,000 रुपये की किस्त बिना किसी रुकावट के खाते में पहुंच सकेगी.
 

ये भी पढ़ें