
Namo Bharat Train
Namo Bharat Train
दिल्ली से मेरठ के बीच रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. आज से सराय काले खां से मेरठ के बेगमपुल तक नमो भारत ट्रेन सेवा शुरू कर दी गई है. करीब 70 किलोमीटर का यह सफर अब सिर्फ 40 मिनट में पूरा किया जा सकेगा. अब तक जहां सड़क मार्ग से यह दूरी तय करने में ढाई से तीन घंटे तक लग जाते थे, वहीं नमो भारत ट्रेन इस सफर को बेहद तेज और सुविधाजनक बना देगी. पीएम मोदी ने इस कॉरिडोर का उद्धाटन कर दिया है. जिससे लोगों को काफी सुविधा होगी.
दिल्ली में नौकरी, पढ़ाई और इलाज के लिए रोजाना आने-जाने वाले हजारों लोगों को इस नई रैपिड रेल सेवा से सीधा फायदा मिलेगा. समय की बड़ी बचत के साथ यात्रियों को जाम और थकान से भी राहत मिलेगी. खासतौर पर मेरठ और आसपास के इलाकों से दिल्ली आने वालों के लिए यह कॉरिडोर किसी गेम चेंजर से कम नहीं माना जा रहा है.
हुआ कॉरिडोर का उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली–मेरठ नमो भारत कॉरिडोर का उद्घाटन कर चुके हैं. इसके साथ ही सराय काले खां से लेकर मोदीपुरम तक पूरा कॉरिडोर आम जनता के लिए शाम 6 बजे से खोल दिया जाएगा. इस परियोजना को नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (NCRTC) द्वारा विकसित किया गया है, जिसने बेगमपुल तक सफल ट्रायल रन भी पूरा कर लिया है.

160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ी ट्रेन
ट्रायल रन के दौरान नमो भारत ट्रेन ने 160 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार हासिल की और लगभग 39 मिनट में सराय काले खां से बेगमपुल तक की दूरी तय की. इस कॉरिडोर की कुल लंबाई करीब 80 किलोमीटर है, जिसे लगभग 55 मिनट में कवर किया जा सकेगा. साल 2019 में रखी गई इस परियोजना की नींव अब पूरी तरह साकार हो चुकी है.
अब पूरी लाइन होगी कनेक्टेड
दिल्ली–मेरठ नमो भारत कॉरिडोर का करीब 55 किलोमीटर हिस्सा पहले ही चालू किया जा चुका है, जहां न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक ट्रेनें चल रही हैं. अब सराय काले खां से न्यू अशोक नगर तक का लगभग 5 किलोमीटर हिस्सा और मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक का करीब 21 किलोमीटर सेक्शन भी ऑपरेशन के लिए तैयार हो गया है. इसके साथ ही पूरी लाइन एक साथ जुड़ जाएगी.
ट्रेन की खासियत
ट्रेन 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने में सक्षम है और इसका ड्राइवर कंसोल पूरी तरह डिजिटल है. इसमें प्रीमियम कोच की सुविधा भी दी गई है, जहां मोबाइल और लैपटॉप चार्जिंग पॉइंट मौजूद हैं. धूप से बचाव के लिए ब्लाइंड पर्दों की व्यवस्था की गई है.
नमो भारत रैपिड रेल में महिलाओं के लिए विशेष कोच बनाए गए हैं. यात्रियों की सुविधा के लिए कोच में सामान रखने की पर्याप्त जगह, खड़े यात्रियों के लिए अतिरिक्त स्पेस, पानी की बोतल रखने की व्यवस्था, मैगजीन होल्डर और पैरों को आराम देने के लिए फुट-रेस्ट भी दिए गए हैं. यह सेवा दिल्ली–एनसीआर में आधुनिक और तेज परिवहन की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है.