Girlfriend turns thief for boyfriend
Girlfriend turns thief for boyfriend
कहते हैं प्यार में इंसान कुछ भी करने को तैयार हो जाता है, लेकिन प्रयागराज में एक युवती ने प्यार के चक्कर में जो किया, उसने पुलिस को भी हैरान कर दिया. यहां एक 18 साल की युवती पर अपने ही घर में चोरी की साजिश रचने का आरोप लगा है. बताया जा रहा है कि युवती ने अपने लिव-इन पार्टनर के साथ मिलकर घर में रखे लाखों रुपये के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया. चलिए आपको बताते हैं कि आखिर ये अजब-गजब मामला है क्या...
मामला प्रयागराज के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के शांति नगर झलवा इलाके का है. यहां एक घर से करीब 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी हो गई थी. घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मामले की जांच शुरू की.
CCTV ने खोला चोरी का पूरा राज
पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की. जांच आगे बढ़ी तो शक घर की ही 18 वर्षीय युवती प्रियांशी उर्फ साक्षी पर पहुंच गया. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और दूसरे सबूतों के आधार पर युवती की भूमिका सामने आई. इसके बाद पुलिस ने उसे और उसके लिव-इन पार्टनर उज्जवल द्विवेदी उर्फ वेदांत को गिरफ्तार कर लिया.
प्रेमी के साथ चार महीने से रह रही थी युवती
पुलिस के अनुसार, प्रियांशी का उज्जवल के साथ प्रेम संबंध था. दोनों की उम्र करीब 18 साल है और प्रियांशी पिछले करीब चार महीने से उसके साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी. घर छोड़ने के बाद परिवार ने उससे संबंध खत्म कर लिए थे और उसका घर आना-जाना भी बंद हो गया था.
पैसों के लिए बनाया चोरी का प्लान
पुलिस के मुताबिक, उज्जवल कोई काम नहीं करता था. पैसों की जरूरत के चलते दोनों ने चोरी की योजना बनाई. प्रियांशी को घर में रखे गहनों और नकदी की पूरी जानकारी थी. इसी का फायदा उठाकर उसने अपने प्रेमी, एक सहेली और उसके प्रेमी के साथ मिलकर कथित तौर पर चोरी की साजिश रची. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 39 ग्राम सोने और 53 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए हैं. चोरी के बाकी सामान और रकम की तलाश जारी है. मामले में शामिल युवती की सहेली समेत तीन अन्य आरोपियों की भी पुलिस तलाश कर रही है.
ये भी पढ़ें: