CM Bhagwant Singh Mann
CM Bhagwant Singh Mann
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अपने नीदरलैंड-फिनलैंड दौरे का विस्तृत रिपोर्ट कार्ड पेश किया. उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने कृषि, उद्योग और नवाचार के क्षेत्र में विश्व भर से मजबूत सहयोग हासिल किया है, जिससे किसानों, युवाओं और राज्य की अर्थव्यवस्था को सीधा लाभ पहुंचेगा.
पहले दिन प्रतिनिधिमंडल ने नीदरलैंड का दौरा किया- सीएम मान
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पहले दिन नीदरलैंड में भारत के राजदूत ने पंजाब के प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया और 19 अप्रैल को प्रतिनिधिमंडल ने विश्व प्रसिद्ध बागवानी मॉडल केउकेनहॉफ का दौरा किया, जहां रोजाना 40,000 पर्यटक आते हैं. वहां हमने प्रतिनिधियों से बातचीत की.
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि इस दौरे का उद्देश्य कृषि क्षेत्र में साझेदारी के अवसरों की पड़ताल करना था. बागवानी के विकास के लिए सहयोग पर चर्चा हुई और पंजाब से गुलाब की निर्यात संभावना का पता लगाया गया. उन्होंने कहा कि जायका द्वारा किए जा रहे 1300 करोड़ रुपए के निवेश के अलावा यह समझौता फसल विविधीकरण को बड़ा प्रोत्साहन देने में मुख्य भूमिका निभाएगा.
प्रतिनिधिमंडल का विश्व बागवानी केंद्र का दौरा- सीएम मान
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि 20 अप्रैल को प्रतिनिधिमंडल ने विश्व बागवानी केंद्र का दौरा किया और नीदरलैंड्स इंडिया चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड ट्रेड के प्रतिनिधियों से मुलाकात की तथा पंजाबी समुदाय से बातचीत की. उन्होंने बताया कि प्रतिनिधिमंडल को बताया गया कि हमारे जैसी खुली खेती में एक वर्ग मीटर में 6 किलो टमाटर पैदा होते हैं, जबकि वहां पॉलीहाउस में एक वर्ग मीटर में टमाटर का उत्पादन 100 किलो है.
मशहूर हॉकी खिलाड़ी से मुलाकात हुई- सीएम मान
सीएम ने कहा कि 20 अप्रैल को मैं महान डच हॉकी खिलाड़ी फ्लोरिस जान बोवलैंडर से मिला और पंजाब में हॉकी व खेलों को प्रोत्साहित करने पर चर्चा की. उन्होंने कहा कि वे जल्द ही हॉकी को बड़ा प्रोत्साहन देने के लिए पंजाब का दौरा करेंगे. उन्होंने बताया कि बोवलैंडर को पंजाब आने का निमंत्रण दिया गया था और उन्हें बताया गया कि पंजाब पहली बार एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करेगा, जो राज्य और हॉकी के लिए बड़ा प्रोत्साहन होगा.
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि इस दौरे को जारी रखते हुए 21 अप्रैल को प्रतिनिधिमंडल ने एन.एक्स.पी. सेमीकंडक्टर और आल्समीर फ्लावर ऑक्शन का दौरा किया और एल.टी. फूड्स के प्रतिनिधियों से मुलाकात की. साथ ही कृषि, मत्स्य पालन, फूड सिक्योरिटी और प्रकृति मंत्रालय से बातचीत की.
22 अप्रैल को प्रतिनिधिमंडल फिनलैंड पहुंचा-
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि इस दौरान 22 अप्रैल को प्रतिनिधिमंडल फिनलैंड दौरे पर गया, जहां उन्होंने पंजाबी समुदाय से बातचीत की और फिनलैंड के राजदूत हेमंत एच. कोटलवाड़ से मुलाकात की. उन्होंने कहा कि इस दौरे का उद्देश्य प्रवासी पंजाबियों से जुड़ना, लोगों के बीच संपर्क को मजबूत करना, शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमिता में प्रवासियों की भूमिका पर चर्चा करना, निवेश, नवाचार और स्टार्ट-अप के अवसरों की पड़ताल करना तथा पंजाब सरकार की लोक-कल्याणकारी नीतियों की जानकारी साझा करना था.
उन्होंने कहा कि इससे पंजाबी समुदाय के साथ संबंधों और विश्वास को और मजबूत करने में मदद मिली है, शिक्षा और कौशल विकास में सहयोग के रास्ते खुले हैं तथा निवेश और नवाचार संबंधी नए रास्ते खुल गए हैं. उन्होंने बताया कि फिनलैंड की हॉकी टीम में पांच खिलाड़ी पंजाबी हैं.
उन्होंने आगे कहा कि यह बहुत गर्व और संतोष की बात है कि पंजाबी खिलाड़ी दुनिया भर में अपनी क्षमता साबित कर रहे हैं. पंजाबी खिलाड़ी न केवल भारत बल्कि दुनिया भर की टीमों के लिए हॉकी खेल रहे हैं.
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस और संजीव अरोड़ा, मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे.
ये भी पढ़ें: