scorecardresearch

Punjab Faridkot Viral News: पंजाब में हाई-बोल्टेज ड्रामा... शादी के दौरान दुल्हन के पिता की गिरफ्तारी, परिजनों में पसरा सन्नाटा

पंजाब के एक गांव में उस समय हाई-वोल्टेज ड्रामा हंगामा खड़ा हो गया जब एक विवाह समारोह में जब पुलिस द्वारा आनंद कारज (सिख धर्म में शादी की एक प्रमुख रस्म) के दौरान लड़की के पिता को पुलिस ने जबरन उठाकर अपनी गाड़ी में ले गई. मामला चोरी का है, लेकिन परिवार इसे पुलिस की साजिश बता रही है.

Advertisement
फरीदकोट न्यूज फरीदकोट न्यूज

पंजाब के फरीदकोट जिले के गांव संधवां में एक शादी समारोह के दौरान उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब आनंद कारज के बीच पुलिस ने लड़की के पिता को हिरासत में ले लिया. पुलिस की कार्रवाई का परिवार ने विरोध किया. देखते ही देखते मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया. गिरफ्तारी के विरोध में एक व्यक्ति पुलिस की गाड़ी के आगे लेट गया, जिसे पुलिस ने जबरन घसीटकर एक तरफ किया और आरोपी को लेकर वहां से निकल गई. इस दौरान एक पुलिस कर्मचारी पिस्तौल लहराता हुआ भी नजर आया.

आनंद कारज के बीच पुलिस की कार्रवाई
लड़की के भाई के मुताबिक, उनकी बहन की शादी थी और उस वक्त आनंद कारज की रस्म चल रही थी. इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे, जिन्होंने खुद को गिद्दड़बाहा पुलिस का कर्मचारी बताया. ये लोग सिविल कपड़ों में थे. परिवार का आरोप है कि इन लोगों ने उनके पिता को ट्रांसफार्मर और मोटरों की चोरी के मामले में शामिल बताते हुए जबरन शादी समारोह से उठाया और यूपी नंबर की गाड़ी में बैठाकर अपने साथ ले गए.

पुलिस और परिवार के बीच हुई धक्का-मुक्की
पिता को ले जाने का परिवार ने विरोध किया. इसी दौरान पुलिस कर्मचारियों और परिवार के सदस्यों के बीच धक्का-मुक्की होने लगी. गिरफ्तारी के विरोध में एक व्यक्ति पुलिस की गाड़ी के सामने लेट गया. पुलिस ने उसे वहां से हटाने के लिए कथित तौर पर जबरन घसीटा और इसके बाद आरोपी को लेकर वहां से निकल गई. हाथापाई के दौरान एक पुलिस कर्मचारी के हाथ में पिस्तौल भी दिखाई दी.

परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
लड़की के भाई और परिवार वालों का कहना है कि पहले उनके पिता का नाम चोरी के मामले में आया था, लेकिन अब उन्होंने ये सभी गलत काम छोड़ दिए हैं. परिवार का आरोप है कि इसके बावजूद पुलिस उन्हें जबरन किसी दूसरे मामले में फंसाने की कोशिश कर रही है. परिवार ने पुलिस की इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि शादी जैसे मौके पर इस तरह से व्यक्ति को उठाकर ले जाना सही नहीं है.

पुलिस ने गिरफ्तारी की बताई दूसरी वजह
वहीं इस मामले में थाना गिद्दड़बाहा के थाना प्रभारी परविंदर सिंह ने पुलिस की कार्रवाई को लेकर अलग जानकारी दी. उन्होंने बताया कि गरीब सिंह उर्फ राजू नाम के व्यक्ति के खिलाफ थाना गिद्दड़बाहा में ट्रांसफार्मर और मोटरों की चोरी के मामले में FIR दर्ज है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी एक गिरोह के साथ काम करता है और इस गिरोह के पांच लोगों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है.

शादी में शामिल होने की सूचना पर पहुंची पुलिस
थाना प्रभारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त आरोपी गांव संधवां में एक विवाह समारोह में शामिल होने आया है. इसके बाद पुलिस टीम वहां पहुंची. टीम में कुछ पुलिसकर्मी सिविल कपड़ों में और कुछ वर्दी में थे. पुलिस ने इसी दौरान आरोपी को गिरफ्तार किया. पुलिस अधिकारी ने यह भी कहा कि गरीब सिंह लड़की का असली पिता नहीं, बल्कि धर्म का पिता बना हुआ है.

मारपीट के आरोपों से पुलिस ने किया इनकार
पुलिस ने परिवार की ओर से लगाए गए मारपीट के आरोपों को खारिज किया है. थाना प्रभारी परविंदर सिंह का कहना है कि पुलिस की ओर से किसी तरह की मारपीट नहीं की गई. उनके मुताबिक, बल्कि आरोपी के परिवार के सदस्यों ने पुलिस के साथ हाथापाई की. उन्होंने बताया कि फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी की कार्रवाई कोटकपूरा थाने में दर्ज की जा चुकी है.
 

ये भी पढ़ें