scorecardresearch

पुरुलिया में एयरपोर्ट से लेकर 1 लाख करोड़ के निवेश तक बड़ा प्लान, शुभेंदु अधिकारी ने गिनाईं विकास की कई योजनाएं

करम महापर्व में शामिल होने पुरुलिया पहुंचे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने प्रशासनिक बैठक के बाद मीडिया से बातचीत की. उन्होंने जिले में एयरपोर्ट, उद्योग, पर्यटन और बुनियादी ढांचे से जुड़े कई प्रस्तावों की जानकारी दी.

Advertisement
शुभेंदु अधिकारी शुभेंदु अधिकारी

पुरुलिया में करम महापर्व में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने प्रशासनिक बैठक के बाद जिले के विकास को लेकर कई अहम प्रस्तावों की जानकारी दी. उन्होंने एयरपोर्ट, उद्योग, पर्यटन, आवास, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कामों को लेकर सरकार की योजनाएं बताईं. मुख्यमंत्री ने कहा कि पुरुलिया को विकास की प्राथमिकताओं में रखा जाएगा और सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक राजनीतिक भेदभाव के बिना पहुंचाया जाएगा.

शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि पुरुलिया में एयरपोर्ट बनाने की दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ रही है. उन्होंने बताया कि उड़ान योजना के तहत 28 सितंबर को समझौते की प्रक्रिया प्रस्तावित है. बैठक में परिवहन सचिव और नागरिक उड्डयन विभाग के प्रतिनिधियों के शामिल होने की बात भी उन्होंने कही. इस दौरान एयरपोर्ट के लाइसेंस से जुड़ी प्रक्रिया पर भी चर्चा होने की जानकारी दी गई.

एक साल में 1 लाख करोड़ रुपये निवेश का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने उद्योग के क्षेत्र में पुरुलिया के लिए बड़ा लक्ष्य बताया. उन्होंने कहा कि एक साल के भीतर जिले में कम से कम 1 लाख करोड़ रुपये का निवेश लाने का लक्ष्य रखा गया है. रघुनाथपुर में करीब 5,000 करोड़ रुपये की परियोजना के भूमि पूजन का भी उन्होंने जिक्र किया. उनके मुताबिक डिफेंस, स्टील, सीमेंट और सोलर सेक्टर में कई निवेश प्रस्ताव मौजूद हैं.

पर्यटन और जंगलों को मिलेगा बढ़ावा
पुरुलिया के पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मिनी जू और बड़े जू के विस्तार की योजना बताई गई. मिनी जू में तेंदुआ लाने की योजना का भी जिक्र हुआ. इसके अलावा फॉरेस्ट टूरिज्म और धार्मिक पर्यटन को विकसित करने के साथ वन क्षेत्रों के संरक्षण पर भी जोर दिया गया.

आवास और अन्नपूर्णा योजना का भी जिक्र
शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि जिले में 6.56 लाख महिलाओं के खातों में अन्नपूर्णा योजना की राशि पहुंची है. उन्होंने बताया कि करीब 2 लाख नए आवासों की सूची तैयार की गई है. वहीं करीब 16 हजार लोगों को दूसरी किस्त के तहत 60-60 हजार रुपये मिलने की जानकारी दी.

पुलिस, फायर ब्रिगेड और शिक्षा पर फोकस
मुख्यमंत्री ने पुलिस व्यवस्था और फायर ब्रिगेड सुविधाओं के विस्तार की बात कही. शिक्षा के क्षेत्र में प्राथमिक स्कूलों से लेकर कॉलेज तक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया. इससे पहले शुभेंदु अधिकारी ने कड़ाडी मैदान में आयोजित करम महापर्व में हिस्सा लिया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कुड़मी समाज के लोग और नृत्य दल शामिल हुए.

ये भी पढ़ें: