Rahul Gandhi
Rahul Gandhi
कांग्रेस लीडर और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बीजेपी सरकार और चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को निशाने पर लिया. राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बचा रही है. उन्होंने चुनाव आयोग के कामकाम पर सवाल उठाए और ज्ञानेश कुमार से इस्तीफा मांगा.
ज्ञानेश कुमार की नियुक्ति पर सवाल-
राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की नियुक्ति को लेकर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि स्वतंत्र चुनाव आयोग के लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि चुनाव आयुक्तों और मुख्य चुनाव आयुक्त के चयन की प्रक्रिया कार्यपालिका के प्रभाव से मुक्त हो. उन्होंने कहा कि चुनाव आयुक्तों के चयन को लेकर चर्चा हुई तो उनके विचार को नजरअंदाज किया गया. उसके बाद ज्ञानेश कुमार की नियुक्ति हुई.
राहुल गांधी ने कहा कि 21 दिसंबर 2023 को ऐसा कानून पारित किया गया, जिसके तहत मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयुक्तों को उनके आधिकारिक कार्यों के संबंध में कुछ कानूनी सुरक्षा मिली. राहुल गांधी ने कहा कि क्या इससे चुनाव आयुक्तों की जवाबदेही प्रभावित नहीं होगी.
राहुल गांधी ने कहा कि दो चुनाव आयुक्तों ने 10 महीनों में 14 बार रिकॉर्ड पर आपत्ति दर्ज की. उनका जो मूल सवाल था, उसका जवाब किसी ने नहीं दिया. अब दो चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों से उसी मुद्दे पर नए सवाल खड़े हुए हैं.
विपक्ष इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगा- राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि 2 जूनियर चुनाव आयुक्तों ने जो बातें सामने रखी हैं, उन्हें ज्ञानेश कुमार को समझना चाहिए और उन्हें अप्रूवर बन जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि इस मामले में आगे नतीजे होंगे. राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस और विपक्ष इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगा. उनके पास पर्याप्त जानकारी है और आने वाले 2 से 4 महीनों में और बातें सामने आएंगी. कांग्रेस और विपक्ष पीएम मोदी और गृहमंत्री की कथित भूमिका की जांच की मांग को आगे बढ़ाएंगे.
वोट चोरी तो संसद में बने कानून पर भी सवाल- राहुल
राहुल गांधी ने कहा कि अगर संसद में चुने गए प्रतिनिधि कथित तौर पर प्रभावित चुनावी प्रक्रिया के जरिए आते हैं तो उनके द्वारा बनाए गए कानूनों की वैधता पर भी सवाल उठेंगे. यह सिर्फ किसी एक चुनाव या किसी एक राजनीतिक दल का मुद्दा नहीं है, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़ा सवाल है.
सिर्फ वोट नहीं, लोकतांत्रिक भागीदारी के आधा पर हमला- राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि वोट देश की पूरी संवैधानिक व्यवस्था की नींव है. वोट से संविधान को शक्ति मिलती है, संविधान से कानून बनते हैं और कानूनों से संस्थाएं काम करती हैं. राहुल ने कहा कि अगर वोट की प्रक्रिया ही प्रभावित होती है तो इसका असर संविधान, कानून और संस्थाओं तक पहुंचता है. उन्होंने कहा कि वोट हमारे देश की नींव है. चुनाव आयोग की जिम्मेदारी इस वोट की रक्षा करना है. अगर वोट की प्रक्रिया को नुकसान पहुंचाया जाता है तो संविधान अपनी शक्ति खो देता है और उसके आधार पर बने कानून और संस्थाएं भी सवालों के घेरे में आ जाती हैं. यह सिर्फ वोट पर हमला नहीं है, बल्कि देश में हर नागरिक की लोकतांत्रिक भागीदारी के आधार पर हमला है.
ये भी पढ़ें: