धूप सेंक रहे मगरमच्छ
धूप सेंक रहे मगरमच्छ
उत्तरी भारत में बीते कुछ दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है. बारिश के बाद तापमान में 5 से 6 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है. इसके साथ ही ठंड भी बढ़ने लगी है. सुबह और शाम के समय कोहरे की चादर नजर आने लगी है, जबकि रात में ओस गिर रही है. मौसम में आए इस बदलाव का असर अब वन्यजीवों पर भी दिखाई देने लगा है. अलवर की सिलीसेढ़ झील के किनारे मगरमच्छ धूप सेंकते नजर आए. झील घूमने पहुंचे पर्यटकों ने इस नजारे को अपने कैमरों में कैद कर लिया. मगरमच्छों को इस तरह धूप का आनंद लेते देखकर पर्यटक भी काफी खुश दिखाई दिए.
सिलीसेढ़ झील के किनारे धूप सेंकते दिखे 15 से 20 मगरमच्छ
रविवार सुबह जैसे ही झील के आसपास धूप निकली, वैसे ही मगरमच्छ पानी से बाहर आकर किनारे पर बैठ गए. इस दौरान करीब 15 से 20 छोटे-बड़े मगरमच्छ झील के किनारे धूप सेंकते दिखाई दिए. सर्दी की शुरुआत के साथ ही मगरमच्छों का झील से बाहर निकलकर धूप का आनंद लेने का सिलसिला शुरू हो गया है. सर्दियों में ये मगरमच्छ झील के किनारे रहते हैं और दिन के समय धूप सेंकते हैं. इस नजारे को देखने के लिए वहां मौजूद पर्यटक काफी उत्साहित नजर आए. उन्होंने मगरमच्छों की तस्वीरें और वीडियो अपने कैमरों में रिकॉर्ड किए. खास बात यह रही कि मगरमच्छ अकेले नहीं, बल्कि पूरे परिवार के साथ दिखाई दिए. किनारे पर मेल और फीमेल मगरमच्छों के अलावा उनके बच्चे भी मौजूद थे.
झील में 500 से ज्यादा छोटे-बड़े मगरमच्छ
राजस्थान के अलवर में स्थित सिलीसेढ़ झील रामासर साइट में दर्ज है. इस झील में सालभर पानी रहता है. अरावली की पहाड़ियों के बीच बसी यह झील अपनी खूबसूरती के लिए जानी जाती है. यहां घूमने आने वाले पर्यटक बोटिंग का आनंद भी लेते हैं. सिलीसेढ़ झील में 500 से ज्यादा छोटे-बड़े मगरमच्छ मौजूद हैं. सर्दियों के मौसम में ये पानी से बाहर आकर झील के किनारे धूप सेंकते हैं. तापमान में गिरावट और ठंड बढ़ने के साथ अब इनकी गतिविधियां पर्यटकों को भी दिखाई देने लगी हैं. रविवार सुबह धूप निकलते ही बड़ी संख्या में मगरमच्छों का किनारे पर नजर आना लोगों के लिए खास अनुभव रहा.
मगरमच्छों के साथ देसी-विदेशी पक्षी भी आते हैं नजर
सिलीसेढ़ झील सिर्फ मगरमच्छों के लिए ही नहीं, बल्कि पक्षियों के लिए भी खास है. यहां मगरमच्छों के अलावा देसी और विदेशी पक्षी भी प्रवास के लिए आते हैं. इन पक्षियों को देखने के लिए दूर-दूर से पर्यटक यहां पहुंचते हैं. अरावली की पहाड़ियों के बीच स्थित झील का प्राकृतिक नजारा और यहां दिखाई देने वाले वन्यजीव पर्यटकों को आकर्षित करते हैं. सर्दियों में मगरमच्छों के धूप सेंकने का यह नजारा भी झील आने वाले लोगों के लिए खास आकर्षण बन गया है.
ये भी पढ़ें