Rajpal Yadav
Rajpal Yadav
चेक बाउंस के मुकदमे में फंसे बॉलीवुड कलाकार राजपाल यादव से जुड़े मामले पर दिल्ली हाईकोर्ट ने यादव को राहत दे दी. अदालत में राजपाल यादव ने हाथ जोड़कर जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा से कहा कि हम तो उधार लिए रुपए की पाई पाई लौटाना चाहते थे. लेकिन सामने वाला रुपए लेने के बजाय हमें जेल भेजने पर अड़ा था. फिर जब हमने तीन महीने से ज्यादा जेल काट कर सजा भुगत ही ली तो अब कैसा बकाया? फिर भी हमने साढ़े चार करोड़ रुपए से अधिक चुकाए.
एक अप्रैल को अगली सुनवाई-
कोर्ट ने एक अप्रैल को तय अगली सुनवाई तक राजपाल यादव की अंतरिम जमानत अवधि बढ़ाई. राजपाल यादव के वकील ने कहा कि हमने रेगुलर जमानत की याचिका दाखिल की है. कोर्ट की दी गई अंतरिम जमानत आज खत्म हो रही है.
कोर्ट में क्या हुआ?
मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को अब तक 4.25 करोड़ रुपए अदा कर दिए गए हैं. अभी 25 लाख रुपये का डिमांड ड्राफ्ट आज दे रहे हैं. सुनवाई करते हुए जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा ने कहा कि आपने पर्याप्त धनराशि दे दी है. इसलिए हम आपको दोबारा जेल नहीं भेज रहे हैं. कोर्ट ने राजपाल यादव से पूछा कि आपने लोन तो लिया था? नीली जींस, सफेद शर्ट और वाइन रंग का कोट पहने कोर्ट में मौजूद राजपाल यादव ने कहा कि जी हां, लिया था. जज ने कहा कि आपको कई बार मौका दिया गया. लेकिन आपने जमा नहीं किया. राजपाल यादव ने कहा कि 2016 में जज साहब ने कहा कि दस करोड 40 लाख देना है. मैं अपने एक दोस्त की 28 करोड़ रुपए की सम्पत्ति के कागज लाया था. कोर्ट ने पूछा कि पैसा देना है कि नहीं? राजपाल यादव ने कहा कि मै पैसा दे चुका हूं. जब दो करोड़ रुपए दे चुका था और बाकी भुगतान करने जा रहा था. लेकिन कंपनी ने बाकी पैसा लेने के बजाय कहा कि हम इनसे पैसा नहीं चाहते, बल्कि इनको जेल भेजना चाहते हैं. फिर मैं जेल चला गया. जब जेल चला गया तो फिर वो पैसा तो खत्म हो जाता है, क्योंकि हम तो सजा काट चुके हैं.
अगली सुनवाई में केस तय कर देंगे- कोर्ट
राजपाल यादव ने कहा कि फिल्म में 22 करोड़ रुपए लगे थे. यानी हमारे पांच करोड़ नहीं, बल्कि 17 करोड़ रुपए बर्बाद हुए हैं. कोर्ट ने कहा कि आखिरी बार आपको बोला जा रहा है कि आप पैसा लौटाते हैं तो केस खत्म हो जाएगा. अगर बहस करना चाहते हैं तो फिर बहस कीजिए. दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा कि अगली सुनवाई में हम केस तय कर देंगे. हाईकोर्ट ने कहा कि अगली सुनवाई टाली नहीं जाएगी. हम केस सुन कर तय कर देंगे.
(संजय शर्मा की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें: