scorecardresearch

चलती ट्रेन में महिला सिपाही बनी फरिश्ता, बचाई औरत की जान, देखें रूह कंपा देने वाला वीडियो

रेलवे स्टेशन पर अकसर लोग ट्रेन पकड़ने की जल्दी में जोखिम उठा लेते हैं. चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश कई बार गंभीर हादसे का कारण बन सकती है. ऐसी ही एक घटना आ रही है रांची रेलवे स्टेशन से. हालांकि एक कदम ने बड़े घटना पर रोक लगा दिया, जिसका वीडियो अब वायरल हो रहा है.

रांची रेलवे स्टेशन रांची रेलवे स्टेशन

मदर्स डे के मौके पर रांची रेलवे स्टेशन से इंसानियत और बहादुरी की ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने हर किसी का दिल छू लिया. यहां आरपीएफ की एक महिला सिपाही ने अपनी जान की परवाह किए बिना चलती ट्रेन से गिर रही महिला यात्री की जान बचा ली. कुछ सेकंड की देरी बड़ा हादसा बन सकती थी, लेकिन महिला कांस्टेबल की सूझबूझ ने एक परिवार को टूटने से बचा लिया.

रांची स्टेशन पर हुआ हादसा
यह घटना 9 मई 2026 की बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक, ट्रेन संख्या 18611 रांची-बनारस एक्सप्रेस स्टेशन से खुल रही थी. इसी दौरान एक यात्री अपनी पत्नी और छोटे बच्चे के साथ जल्दबाजी में ट्रेन पर चढ़ने की कोशिश कर रहा था. भागदौड़ के बीच महिला का संतुलन अचानक बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच के गैप में गिर गई. ट्रेन चलने लगी और महिला उसके साथ घसीटने लगी. स्टेशन पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं.

महिला कांस्टेबल ने दिखाई बहादुरी
उसी समय ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ की महिला कांस्टेबल साविता गारी की नजर इस घटना पर पड़ी. बिना समय गंवाए उन्होंने तुरंत दौड़ लगाई और महिला को मजबूती से पकड़ लिया. बताया गया कि कांस्टेबल साविता ने ट्रेन रुकने तक महिला को मजबूती से थामे रखा, ताकि वह और नीचे न खिंच जाए. उनकी तेजी और साहस की वजह से बड़ा हादसा टल गया और महिला की जान बच गई.

छोटे बच्चे को मिला सबसे बड़ा तोहफा
इस घटना को देखने वाले लोग महिला सिपाही की बहादुरी की तारीफ करते नहीं थके. मदर्स डे के मौके पर एक छोटे बच्चे के लिए इससे बड़ा तोहफा शायद कुछ और नहीं हो सकता था, क्योंकि उसकी मां सुरक्षित बच गई. स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने भी साविता गारी की हिम्मत और समझदारी की खूब सराहना की. कई लोगों ने इसे मानवता की मिसाल बताया.

आरपीएफ अलर्ट मोड में
रांची मंडल में मंडल सुरक्षा आयुक्त पवन कुमार के निर्देश पर आरपीएफ लगातार अलर्ट मोड में काम कर रही है. इसी सतर्कता के बीच महिला कांस्टेबल ने ऑपरेशन जीवन रक्षा के तहत यह साहसिक काम कर दिखाया.
 

(रिपोर्ट- आकाश कुमार)

ये भी पढ़ें