Cobra Found Trapped
Cobra Found Trapped
बिहार के बेतिया जिले के नौतन थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर में मंगलवार सुबह एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी. परिवार ने घर में घूम रहे चूहों को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया था. उम्मीद थी कि सुबह उसमें कोई चूहा फंसा मिलेगा. लेकिन जब पिंजरे के पास जाकर देखा गया तो अंदर चूहे की जगह एक बड़ा जहरीला कोबरा फुफकार रहा था. सांप को पिंजरे में देखकर घरवालों के होश उड़ गए. कुछ देर में यह खबर पूरे इलाके में फैल गई और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचने लगे.
चूहों से परेशान था परिवार, इसलिए लगाया था पिंजरा
लक्ष्मीपुर मुख्य सड़क किनारे छबीला चौरसिया का घर है. परिवार पिछले कुछ दिनों से चूहों की वजह से परेशान था. चूहे घर में इधर-उधर घूम रहे थे और सामान को नुकसान पहुंचा रहे थे. इससे छुटकारा पाने के लिए परिवार ने घर के आसपास चूहा पकड़ने वाला पिंजरा लगा दिया. रात में पिंजरा उसी तरह छोड़ दिया गया. परिवार को भरोसा था कि सुबह तक उसमें कोई चूहा फंस चुका होगा. लेकिन सुबह पिंजरा देखने पहुंचे तो कहानी ही बदल चुकी थी.
चूहे की जगह कोबरा पकड़ा गया
सुबह जैसे ही लोगों की नजर पिंजरे के अंदर गई, वहां एक बड़ा कोबरा दिखाई दिया. सांप लगातार फुफकार रहा था. उसे देखकर परिवार के लोगों में डर फैल गया. जिस पिंजरे में चूहे को फंसाने की तैयारी थी, उसमें जहरीले सांप को देखकर लोग कुछ देर के लिए समझ ही नहीं पाए कि आखिर हुआ क्या है. देखते ही देखते यह बात आसपास के लोगों तक पहुंच गई.
दूर खड़े होकर तमाशा देखते रहे ग्रामीण
कोबरा को देखने के लिए आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए. कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई. लोग पिंजरे से सुरक्षित दूरी बनाकर खड़े रहे और उसके अंदर फुफकारते सांप को देखते रहे. हालांकि, ग्रामीणों ने समझदारी दिखाई. किसी ने पिंजरे को खोलने या सांप को खुद बाहर निकालने की कोशिश नहीं की. लोगों को पता था कि कोबरा बेहद जहरीला होता है और उसके साथ थोड़ी सी लापरवाही भी भारी पड़ सकती है.
वन विभाग और प्रशासन को दी सूचना
घटना की जानकारी स्थानीय प्रशासन और वन विभाग को दी गई. इसके बाद सभी की नजर इस बात पर रही कि जहरीले सांप को सुरक्षित तरीके से पिंजरे से बाहर निकालकर जंगल या सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाए.
ये भी पढ़ें: