लट्ठों पर चमेली और सरसों का तेल
लट्ठों पर चमेली और सरसों का तेल
मध्यप्रदेश के सागर शहर में वैलेंटाइन डे से ठीक तीन दिन पहले माहौल अचानक गरमा गया है. शिवसेना कार्यकर्ताओं ने बुधवार सुबह सिविल लाइन स्थित पहलवान बाबा मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच लट्ठों का विधिवत पूजन किया. खास बात यह रही कि इन लट्ठों पर चमेली और सरसों का तेल चढ़ाया गया. इसके बाद शहर के कई हिस्सों में चेतावनी भरे पोस्टर लगाए गए, जिससे पूरे शहर में चर्चा और बहस का माहौल बन गया है. चलिए आपको बताते हैं पूरी कहानी क्या है.
दरअसल, कुछ दिन पहले सागर के अटल पार्क का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. इस वीडियो में कुछ युवक-युवतियां सार्वजनिक स्थान पर आपत्तिजनक स्थिति में दिखाई दिए थे. वीडियो के वायरल होने के बाद शहर में आक्रोश बढ़ गया. इसी घटना को आधार बनाकर शिवसेना ने वैलेंटाइन डे के विरोध में मोर्चा खोल दिया है.
लट्ठों पर चमेली और सरसों का तेल
बुधवार सुबह शिवसेना कार्यकर्ता सिविल लाइन स्थित पहलवान बाबा मंदिर में एकत्र हुए. पंडितों की मौजूदगी में मंत्रोच्चारण के साथ लट्ठों की पूजा की गई. कार्यकर्ताओं ने लट्ठों पर चमेली और सरसों का तेल चढ़ाया. उनका कहना था कि यह कदम 'संस्कृति रक्षा' के प्रतीक के रूप में उठाया गया है. पूजन के दौरान कार्यकर्ताओं ने वैलेंटाइन डे को पाश्चात्य संस्कृति से जुड़ा बताते हुए इसका विरोध करने की बात कही.
शहर में लगा पोस्टर
पूजन के बाद शहर के पार्कों, होटल, रेस्टोरेंट और कुछ धार्मिक स्थलों के आसपास पोस्टर लगाए गए. इन पोस्टरों में लिखा था- 'जहां मिलेंगे बाबू-सोना, तोड़ देंगे कोना–कोनाट.' पोस्टर लगते ही शहर में हलचल मच गई. कुछ लोगों ने इसे भारतीय संस्कृति की रक्षा का प्रयास बताया, जबकि कई लोगों ने इसे डर और तनाव का माहौल बनाने वाला कदम कहा.
मौके पर ही करा दी जाएगी शादी
शिवसेना के उप राज्य प्रमुख पप्पू तिवारी ने बयान देते हुए कहा कि 14 फरवरी हमारी भारतीय परंपरा का हिस्सा नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ युवक-युवतियां पाश्चात्य सभ्यता के नाम पर सार्वजनिक स्थानों पर अश्लीलता फैलाते हैं, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर 14 फरवरी को कोई प्रेमी युगल आपत्तिजनक स्थिति में मिला तो मौके पर ही उनकी शादी करा दी जाएगी.
पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती
जिला प्रभारी विकास सिंह ने भी कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि हर साल शिवसेना वैलेंटाइन डे का विरोध करती है. इस बार अश्लीलता फैलाने वालों को सबक सिखाने के लिए लट्ठों में तेल चढ़ाया गया है. उन्होंने होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को भी चेतावनी दी कि यदि किसी प्रकार का फूहड़ कार्यक्रम आयोजित किया गया तो विरोध किया जाएगा. उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की तोड़फोड़ की जिम्मेदारी आयोजकों की होगी. शहर में चर्चा है कि 14 फरवरी को पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई जा सकती है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके.
रिपोर्टर: हिमांशु पुरोहित
ये भी पढ़ें: