scorecardresearch

आशु मलिक और इमरान मसूद में तीखी बहस, वीडियो वायरल, सांसद की सफाई

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में दिशा की बैठक में समाजवादी पार्टी के विधायक आशु मलिक और कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बीच तीखी बहस हुई. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. हालांकि इमरान मसूद ने इसपर सफाई दी और कहा कि कोई बहस नहीं हुई.

Advertisement
Saharanpur News Saharanpur News

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में दिशा बैठक के दौरान सियासी घमासान देखने को मिला. जहां सपा विधायक आशु मलिक और कांग्रेस सांसद इमरान मसूद आमने-सामने आ गए. बैठक में अपनी विधानसभा से जुड़े जनता के मुद्दे उठाते हुए विधायक आशु मलिक ने अधिकारियों के सामने सवालों के जवाब को लेकर अपना पक्ष मजबूती से रखा. इसी दौरान दोनों नेताओं के बीच सवाल पूछने की बारी और समय को लेकर तीखी नोकझोंक हो गई.

आशु मलिक-इमरान मसूद में तीखी बहस-
समाजवादी पार्टी के विधायक आशु मलिक और कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बीच तीखी बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में विधायक आशु मलिक कहते नजर आ रहे हैं कि 80 फीसदी सवाल जनता के हैं, अगर हम सवाल नहीं पूछेंगे तो कौन पूछेगा? इस पर सांसद इमरान मसूद ने कहा कि दूसरे लोगों को भी बोलने दीजिए, सभी की बारी आएगी. बातचीत बढ़ने के साथ ही बैठक का माहौल गर्म हो गया और अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के सामने दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस देखने को मिली.

तीखी बहस की खूब हो रही चर्चा-
विधायक आशु मलिक ने अधिकारियों को कहा कि उनके लगाए गए सवाल ड्रॉप नहीं किए जाएं और सभी सवालों के लिखित जवाब दिए जाए. दिशा बैठक में सामने आए इस सियासी टकराव का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद सहारनपुर के सियासी गलियारों में भी इस नोकझोंक को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. वायरल वीडियो 18 अगस्त 2026 दिल्ली रोड विकास भवन सभागार का बताया जा रहा है.

तीखी बहस पर इमरान मसूद ने क्या कहा?
इस तीखी नोकझोंक पर सांसद इमरान मसूद ने सफाई देते हुए कहा कि बैठक में कोई झगड़ा नहीं हुआ था, बल्कि सभी जनप्रतिनिधियों के अपने-अपने विषय थे. उन्होंने कहा कि बैठक की अध्यक्षता उनकी जिम्मेदारी थी और उनका काम सभी को बोलने का मौका देना था. इमरान मसूद ने कहा कि सबसे ज्यादा आशु मलिक ही बोल रहे थे और वह सिर्फ इतना कह रहे थे कि पहले उनकी बात पूरी होने दी जाए, उसके बाद दूसरे सदस्य अपनी बात रखें. उन्होंने कहा कि दिशा बैठक भटकी हुई नहीं थी, सभी का मकसद विकास कार्यों की समीक्षा और उन्हें सही दिशा में आगे बढ़ाना था. वायरल वीडियो को लेकर उन्होंने कहा कि इसमें कोई झगड़ा नहीं, बल्कि बैठक में कायदे-कानून के तहत बातचीत हो रही थी.

ये भी पढ़ें: