scorecardresearch

Saharanpur News: 76 लाख रुपए की BMW के लिए दूल्हे ने रचा खेल! अपनी शादी में रौब दिखाने के लिए अमानत के तौर पर मांगी कार, विवाह के बाद लौटाने से किया इंकार, अब पुलिस ने किया गिरफ्तार

सहारनपुर में एक दूल्हे ने 76 लाख रुपए की BMW कार के लिए ऐसा खेल रचा कि पुलिस को अब उसे गिरफ्तार करना पड़ा है. दरअसल, इस कार को संजीव कपूर ने अमानत के तौर पर दिया था लेकिन दूल्हे ने शादी के बाद BMW कार को लौटाने से इंकार कर दिया. इसकी शिकायत मिलने पर पुलिस ने BMW समेत आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. यहां आप पूरा मामला जान सकते हैं. 

Advertisement
Police Arrested the Accused in the BMW Case Police Arrested the Accused in the BMW Case

सहारनपुर में 76 लाख रुपए की BMW कार अमानत में लेकर लौटाने से इंकार करने के मामले में पुलिस ने वंश मित्तल को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि संजीव कपूर ने BMW X3 कार खरीदने के लिए 65 लाख रुपए का बैंक लोन लिया था, जबकि बाकी रकम अपनी फर्म के खाते से RTGS के जरिए दिल्ली के BMW डीलर को दी थी. 12 फरवरी 2026 को कार उनकी फर्म M/s AVADH TRADING CO. के नाम पर खरीदी गई और 5 मार्च को कार का रजिस्ट्रेशन UP16FM-7799 हुआ. आरोप के मुताबिक, कार खरीदवाने में हरि प्रकाश मित्तल, उनके बेटे नवीन मित्तल और नवीन के बेटे वंश मित्तल ने मदद की थी.

अमानत के तौर पर सौंप दी थी कार
शिकायत के अनुसार, कार खरीदने के बाद वंश मित्तल की शादी सोहना, हरियाणा में तय हुई थी. हरि प्रकाश, नवीन और वंश मित्तल ने संजीव कपूर से कहा कि शादी में नई BMW कार लेकर जाने से उनकी इज्जत बढ़ेगी और शादी के बाद कार वापस कर देंगे. उनकी बातों पर भरोसा करते हुए संजीव कपूर ने कार तीनों को अमानत के तौर पर सौंप दी. 11 और 12 मार्च को संजीव कपूर परिवार के साथ वंश मित्तल की शादी में सोहना पहुंचे, जहां उन्हें पता चला कि कार का FASTag भी मित्तल परिवार के इस्तेमाल में चल रहा है. शादी के बाद कार वापस मांगने पर आरोपियों ने कुछ दिन बाद लौटाने की बात कहकर कार अपने पास रख ली.

और कार लौटाने से कर दिया इंकार
इसके बाद संजीव कपूर ने कई बार अपनी BMW वापस मांगी, लेकिन आरोप है कि हर बार उन्हें टाल दिया गया. शिकायत के मुताबिक, 10 मई को कोर्ट रोड पर संजीव कपूर ने हरि प्रकाश मित्तल और नवीन मित्तल से कार वापस मांगी तो दोनों ने गाली-गलौज करते हुए कार लौटाने से इंकार कर दिया और जान से मारने की धमकी दी. संजीव कपूर का आरोप है कि आरोपियों ने आपस में साजिश कर उनकी कार को वापस नहीं किया और वंश मित्तल व उसकी पत्नी गौरी मित्तल कार का इस्तेमाल करते रहे. थाने और एसएसपी को शिकायत देने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, जिसके बाद मामले में मुकदमा दर्ज किया गया.

आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, थाना सदर बाजार में मुकदमा संख्या 322/2026 धारा 316(2), 61(2), 351(3) और 352 बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी और BMW की बरामदगी के लिए कार्रवाई शुरू की. 1 अक्टूबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर थाना सदर बाजार पुलिस ने वंश मित्तल को गौतमबुद्ध नगर के प्रथलाखन्जरपुर चौराहे से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उसके कब्जे से संजीव कपूर की BMW कार UP16FM-7799 भी बरामद कर ली.