scorecardresearch

यूनिक मैरिज! दहेज में मिला एक रुपया, खूब हो रही शादी की चर्चा

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक अनोखी शादी हुई. शादी की चर्चा इसलिए हो रही है, क्योंकि इस शादी में दहेज के तौर पर सिर्फ एक रुपए दिया गया. दूल्हा और दुल्हन दोनों आर्मी में हैं. दूल्हे के पिता का कहना है कि बहू ही हमारे लिए दहेज है.

Unique Marriage Unique Marriage

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में अनोखी शादी चर्चा का विषय बन गई, जहां इंडियन आर्मी के मेजर ने केवल एक रुपए का शगुन लेकर कैप्टन रैंक की लड़की से विवाह किया. दहेज के नाम पर सिर्फ एक नारियल लिया गया और पूरे सादगी भरे समारोह में समाज को बड़ा संदेश दिया गया. यह मामला सरसावा क्षेत्र के मीरपुर गांव का है, जहां लोगों ने इस शादी को मिसाल बताया.

शगुन के एक रुपए में शादी-
मीरपुर गांव निवासी चौधरी ओमपाल सिंह भारतीय सेना से रिटायर्ड हैं और सरसावा आर्य जाट समाज विकास समिति के संयुक्त सचिव भी हैं. उन्होंने अपने बेटे मेजर मधुर चौधरी की शादी 16 मार्च 2026 को ब्रजमंडल की रहने वाली ज्योति सौरोत से कराई. खास बात यह रही कि शादी में दहेज बिल्कुल नहीं लिया गया, केवल एक रुपए का शगुन स्वीकार किया गया. दोनों ही भारतीय सेना में अधिकारी हैं, लेकिन सुरक्षा कारणों से उनकी तैनाती की जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है.

धार्मिक यात्रा के दौरान हुई थी फैमिली की मुलाकात-
परिवार के लोगों ने बताया कि दोनों परिवारों की मुलाकात धार्मिक यात्रा के दौरान मथुरा में हुई थी. बातचीत के दौरान जब ज्योति के परिवार ने बेटी के लिए योग्य रिश्ता तलाशने की बात कही, तब मधुर के परिवार ने बताया कि उनका बेटा सेना में मेजर है. यहीं से बातचीत आगे बढ़ी और धीरे-धीरे रिश्ता तय होकर शादी तक पहुंच गया.

बहू ही सबसे बड़ा दहेज- दूल्हे के पिता
दूल्हे के पिता चौधरी ओमपाल सिंह ने कहा कि उनके लिए बहू ही सबसे बड़ा दहेज है. मेरा बेटा मधुर चौधरी, जो कि वर्तमान में मेजर रैंक पर है, हमने अभी बेटे की शादी की है और जो हमारी बिटिया है, जिससे शादी हुई है, वह भी सेना में अधिकारी है. हमने जो शादी की है. वह सिर्फ ₹1 की शादी की है. उन्होंने बताया कि उनका मकसद समाज को यह संदेश देना है कि लड़कियां बोझ नहीं होतीं और उन्हें पढ़ाकर आगे बढ़ाना चाहिए. उन्होंने जीवन में ही तय कर लिया था कि वह कभी दहेज नहीं लेंगे और युवाओं से भी अपील की कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए आगे आएं.

(राहुल कुमार की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें: