scorecardresearch

समस्तीपुर में पीएम सूर्य घर योजना की धूम, सैकड़ों घरों में लगा सोलर पैनल, बिजली बिल हुआ 'शून्य'... जानें कैसे उठा सकते हैं फायदा

बड़ी संख्या में लोग अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगवा रहे हैं और मुफ्त बिजली का लाभ उठा रहे हैं. कई उपभोक्ताओं का बिजली बिल पिछले कई महीनों से शून्य आ रहा है. इसी उपलब्धि को लेकर जिला प्रशासन की ओर से डीएम कार्यालय में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया.

SAMASTIPUR PM SURYA YOJANA SAMASTIPUR PM SURYA YOJANA

समस्तीपुर में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना तेजी से लोगों के बीच लोकप्रिय हो रही है. इस योजना ने जिले में बिजली बचत और सौर ऊर्जा को लेकर एक नई क्रांति ला दी है. बड़ी संख्या में लोग अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगवा रहे हैं और मुफ्त बिजली का लाभ उठा रहे हैं. कई उपभोक्ताओं का बिजली बिल पिछले कई महीनों से शून्य आ रहा है. इसी उपलब्धि को लेकर जिला प्रशासन की ओर से डीएम कार्यालय में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया.

कार्यक्रम का उद्घाटन डीएम रोशन कुशवाहा ने दीप प्रज्वलित कर किया. इस दौरान करीब आठ उपभोक्ताओं को सोलर पैनल लगाने के लिए बैंक ऋण का चेक प्रदान किया गया. वहीं ऐसे उपभोक्ताओं को भी सम्मानित किया गया जिनका बिजली बिल लंबे समय से शून्य आ रहा है. उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.

6 हजार से अधिक लोगों ने किया आवेदन
जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की शुरुआत वर्ष 2024 में की गई थी. समस्तीपुर जिले में अब तक 6 हजार से अधिक लोगों ने इस योजना के लिए आवेदन किया है. इनमें से 600 से ज्यादा घरों में सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं. साथ ही लाभार्थियों के खातों में सरकार की ओर से मिलने वाली सब्सिडी की राशि भी भेज दी गई है. बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत 1 किलोवाट सोलर सिस्टम लगाने पर 30 हजार रुपये, 2 किलोवाट पर 60 हजार रुपये और 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता वाले सोलर सिस्टम पर 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जाती है.

बिजली बिल हुआ खत्म, सरकार को लौटा रहे बिजली
योजना का लाभ लेने वाले उपभोक्ताओं ने बताया कि पहले उनका बिजली बिल 3 हजार रुपये तक आता था, लेकिन अब बिल पूरी तरह खत्म हो गया है. कुछ उपभोक्ताओं ने कहा कि वे प्रतिदिन 5 से 7 यूनिट बिजली बचाकर सरकार को वापस सप्लाई भी कर रहे हैं. लाभार्थियों ने इसके लिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया.

डीएम बोले. सौर ऊर्जा को बढ़ावा देना जरूरी
डीएम रोशन कुशवाहा ने कहा कि सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन और बिजली विभाग लगातार काम कर रहे हैं. उन्होंने बैंक प्रतिनिधियों और सोलर कंपनियों को निर्देश दिया कि योजना का लाभ ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाया जाए ताकि जरूरतमंद लोग आसानी से ऋण लेकर सोलर पैनल लगवा सकें. उन्होंने कहा कि बिजली उत्पादन के लिए कोयला और जल पर निर्भरता कम करने के उद्देश्य से सौर ऊर्जा को बढ़ावा दिया जा रहा है. यह एक बड़ा अभियान है जो लगातार तेजी से आगे बढ़ रहा है. उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले दिनों में समस्तीपुर इस योजना के क्रियान्वयन में पूरे बिहार में पहला स्थान हासिल करेगा.

ये भी पढ़ें: