dowry death case neha
dowry death case neha
सवाई माधोपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्मी विहार कॉलोनी में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. विवाहिता ने फंदे से लटककर जान दे दी. घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मामले में पीहर पक्ष की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने पति समेत पांच और लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
परिवार को अस्पताल पहुंचने पर मिला नेहा का शव
जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान नेहा उर्फ बीरा नायक निवासी खण्डेवत, जिला टोंक के रूप में हुई है. उसकी शादी 22 अप्रैल 2023 को लक्ष्मी विहार कॉलोनी निवासी संजय नायक से हुई थी. घटना के बाद महिला थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया.
पीहर पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद शुरू में सब कुछ सामान्य था, लेकिन कुछ समय बाद ससुराल पक्ष की ओर से दहेज को लेकर दबाव बनाया जाने लगा. परिजनों का कहना है कि शादी में उनकी क्षमता के अनुसार सभी आवश्यक सामान दिया गया था. मृतका के परिजनों के मुताबिक शादी के करीब एक वर्ष बाद नेहा ने एक बेटी को जन्म दिया. इसके बाद पति द्वारा दहेज में स्प्लेंडर बाइक और शिफ्ट कार की मांग की जाने लगी. आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर नेहा पर लगातार मानसिक दबाव बनाया जाता था.
परिजनों ने बताया कि नेहा के पिता का वर्ष 2005 में ही निधन हो चुका था. परिवार की आर्थिक स्थिति भी मजबूत नहीं थी. उसकी मां, छोटा भाई और तीन बहनें ननिहाल में रहकर जीवनयापन कर रहे हैं. ऐसे में अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी कर पाना उनके लिए संभव नहीं था.
संजय ने दी थी तलाक की भी धमकी
मृतक के परिजनों का कहना है कि दहेज की मांग न पूरी करने पर नेहा का पति उसे तलाक देने की भी धमकी देता था. हालांकि नेहा के घरवाले और खुद नेहा भी तलाक के लिए भी राजी थे. लेकिन फिर उनके पति संजय ने तलाक के लिए कोई कदम नहीं लिया. हैरत की बात ये है कि शादी के लगभग 1 साल बाद एक बेटी होने के बावजूद भी आरोपी की दहेज की भूख खत्म नहीं हुई और उसकी मांग ने एक मासूम से उसकी मां का साया छिन लिया.
अगले दिन लेने आने वाला था भाई
पीहर पक्ष के अनुसार 30 मई 2026 की रात नेहा ने अपने भाई को फोन कर अपने साथ ले जाने की बात कही थी. भाई ने उसे आश्वासन दिया कि वह सुबह उसे लेने आएगा. लेकिन अगली सुबह हालात पूरी तरह बदल चुके थे. 31 मई की सुबह नेहा के ससुर ने उसके ताऊ को फोन कर बताया कि उसकी तबीयत खराब है और जिला अस्पताल पहुंचने को कहा. जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो वहां नेहा का शव मिला. यह देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए.
पति समेत पांच लोगों पर मामला दर्ज
घटना के बाद मृतका के भाई संजय की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने पति, ससुर, सास, ननद और देवर के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया है. परिजनों का आरोप है कि दहेज प्रताड़ना के कारण ही नेहा की मौत हुई है. महिला थाना प्रभारी भोजाराम ने बताया कि प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है.
(रिपोर्ट- सुनील जोशी)
ये भी पढ़ें