scorecardresearch

इस एक ऐप के इस्तेमाल से किसान बचा सकते हैं अपनी जान, खेतों में सांप होने का पहले मिल जाएगा अलर्ट और काटने के बाद समाधान

बरसात में सांपों का घरों या खेतों में निकलना बहुत आम घटना है, लेकिन ये घटना कई बार बड़ी खतरनाक साबित होती है, खास कर तक जब कोई जहरीले सांप से आपका पाला पड़ जाए. ऐसा स्थिति में हम या तो सांप को मार डालते हैं, या उसके डसे जाने के बाद हमारी जान चली जाती है. लेकिन आज हम आपको एक ऐप के बारे में बताने जा रहे हैं, जो न आपको सांपों के बारे में अलर्ट करेगा बल्कि काटे जाने के बाद आपकी जान बचाने में भी मदद करेगा.

Advertisement
AI made Image AI made Image

बारिश का मौसम आते ही खेतों में काम करने वाले किसानों की सबसे बड़ी चिंता सिर्फ फसल नहीं, बल्कि सांप भी बन जाते हैं. हर साल देश में हजारों लोग सांप के काटने का शिकार होते हैं, जिनमें बड़ी संख्या किसानों और ग्रामीण इलाकों में रहने वालों की होती है. ऐसे में अब एक ऐसा मोबाइल ऐप है, जो किसानों को सांपों से जुड़े खतरे के बारे में पहले ही सतर्क कर सकता है. इतना ही नहीं, अगर किसी को सांप काट ले तो यह ऐप इलाज और मदद तक पहुंचने में भी अहम भूमिका निभाता है.

क्या है वह एक ऐप?
SERPENT (Snake Emergency Response Programme & Response Tool). यह एक मोबाइल ऐप है, जिसे सांपों और स्नेक बाइट से जुड़ी आपात स्थिति में लोगों की मदद के लिए डिजाइन किया गया है. यह ऐप सांपों की पहचान, स्नेक बाइट से बचाव, नजदीकी अस्पताल और प्रशिक्षित स्नेक एक्सपर्ट की जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर लोगों को उपलब्ध कराता है. इसे आम लोगों के साथ-साथ किसानों, वन क्षेत्रों में काम करने वालों और ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए उपयोगी माना जा रहा है.

इस तरीके से इस्तेमाल कर सकते हैं ऐप
अगर आपको किसी इलाके में अचानक सांप दिखाई दो तो क्या करें? ऐसी स्थिति में ये ऐप आपके लिए रामबाण बन जाएगा. अपने आप ही ये ऐप उसकी जानकारी लोकेशन के साथ अपडेट कर लेता है, जिससे ऐप आगे लोगों को अलर्ट करता है. साथ ही सांप की फोटो या जानकारी डालते ही आपको ऐप बताएगा कि वह सांप जहरीला है या नहीं. ऐप में 20 से ज्यादा भारतीय सांपों की तस्वीरें और उनकी पहचान से जुड़ी जानकारी भी मौजूद है. जरूरत पड़ने पर यूजर सांप की फोटो अपलोड कर विशेषज्ञों से उसकी पहचान भी करवा सकता है.

खेतों में पहले ही मिलेगा स्नेक अलर्ट
खेत, गांव और जंगल से सटे इलाकों में सांप मिलने की आशंका ज्यादा रहती है. ऐसे में ऐप पर दर्ज लोकेशन और रिपोर्ट्स किसानों को यह समझने में मदद करते हैं कि आसपास किन जगहों पर सांप देखे गए हैं. इससे खेत में काम करने से पहले अतिरिक्त सावधानी बरती जा सकती है और जोखिम कम किया जा सकता है. हालांकि यह ऐप हर सांप की लाइव मौजूदगी का अलर्ट नहीं देता, बल्कि रिपोर्ट किए गए स्नेक स्पॉट और जोखिम वाले क्षेत्रों की जानकारी उपलब्ध कराता है.

अगर सांप काट ले तो कैसे करेगा मदद?
स्नेक बाइट की स्थिति में यह ऐप सबसे पहले नजदीकी ऐसे अस्पताल की जानकारी देता है, जहां एंटी-वेनम (Anti-venom) उपलब्ध हो. इसके अलावा यह आसपास मौजूद प्रशिक्षित स्नेक एक्सपर्ट से संपर्क करने में भी मदद करता है. ऐप में स्नेक बाइट से जुड़ी जरूरी जानकारी, जागरूकता सामग्री और सही प्राथमिक उपचार (First Aid) के बारे में भी बताया गया है, जिससे मरीज को समय रहते सही इलाज मिल सके.

किसानों के लिए क्यों है जरूरी?
खेती के दौरान किसान अक्सर धान, गन्ना, घास या पानी भरे खेतों में काम करते हैं, जहां सांपों के छिपे होने की संभावना अधिक रहती है. ऐसे में यह ऐप सिर्फ जानकारी देने वाला साधन नहीं, बल्कि समय रहते सतर्क रहने और आपात स्थिति में सही मदद तक पहुंचने का माध्यम भी बन सकता है. विशेषज्ञों का मानना है कि जागरूकता और समय पर इलाज ही स्नेक बाइट से होने वाली मौतों को कम करने का सबसे प्रभावी तरीका है.
 

ये भी पढ़ें