scorecardresearch

यूपी SIR की पहली ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी, 2.89 करोड़ मतदाताओं के नाम कटे, तुरंत ऐसे चेक करें अपना नाम

चुनाव आयोग ने ड्राफ्ट सूची के साथ ही दावा और आपत्ति (Claims & Objections) की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है. यह अवधि 6 जनवरी से 6 फरवरी 2026 तक चलेगी. जिन मतदाताओं का नाम ड्राफ्ट सूची में नहीं आया है, वे इस अवधि में आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन कर सकते हैं.

यूपी में अब 12.55 करोड़ से ज्यादा वोटर यूपी में अब 12.55 करोड़ से ज्यादा वोटर
हाइलाइट्स
  • यूपी में जारी हुई SIR की ड्राफ्ट लिस्ट

  • वोटर लिस्ट से 2.89 करोड़ नाम कटे

उत्तर प्रदेश में Special Intensive Revision (SIR) प्रक्रिया के तहत चुनाव आयोग ने ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी है. इस सूची में राज्य के 2.89 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं. यह ड्राफ्ट सूची देश के 12 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में चल रही एसआईआर प्रक्रिया के तहत तैयार की गई है, जिसकी शुरुआत 27 अक्टूबर से हुई थी.

15 करोड़ से घटकर 12 करोड़ रह गए मतदाता
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) नवदीप रिणवा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि एसआईआर प्रक्रिया से पहले यूपी में करीब 15 करोड़ मतदाता दर्ज थे. ड्राफ्ट सूची जारी होने के बाद यह संख्या घटकर करीब 12 करोड़ रह गई है. उन्होंने बताया कि पुराने मतदाताओं में से 12.55 करोड़ मतदाताओं (81.30%) ने खुद या परिवार के किसी सदस्य के जरिए गणना प्रपत्र (Enumeration Form) पर साइन कर जमा किया.

18% मतदाताओं ने नहीं भरे फॉर्म
सीईओ के अनुसार, लगभग 18 प्रतिशत मतदाताओं ने गणना प्रपत्र जमा नहीं किए. इसके पीछे कई कारण सामने आए हैं. आयोग की जांच में पाया गया कि बड़ी संख्या में मतदाता या तो मृत पाए गए, स्थानांतरित हो चुके थे या फिर एक से अधिक स्थानों पर पंजीकृत थे.

नाम कटने की बड़ी वजहें
चुनाव आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक,

  • 46.23 लाख मतदाता (2.99%) मृत पाए गए

  • 2.17 करोड़ मतदाता (14.06%) स्थानांतरित या अनुपस्थित मिले

  • 25.47 लाख मतदाता (1.65%) एक से अधिक स्थानों पर पंजीकृत पाए गए

  • इन्हीं कारणों से कुल 2.89 करोड़ नाम ड्राफ्ट सूची से बाहर किए गए हैं.

ड्राफ्ट लिस्ट सभी दलों को सौंपी गई
सीईओ नवदीप रिणवा ने बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची की कॉपी सभी राजनीतिक दलों को उपलब्ध करा दी गई है. उन्होंने कहा कि इस पूरी प्रक्रिया में राजनीतिक दलों और बूथ लेवल एजेंट (BLA) का सहयोग मिला. राज्य और जिला स्तर पर लगातार बैठकें की गईं और करीब 1500 से ज्यादा बैठकें राजनीतिक दलों के साथ हुईं.

6 फरवरी तक दावा-आपत्ति का मौका
चुनाव आयोग ने ड्राफ्ट सूची के साथ ही दावा और आपत्ति (Claims & Objections) की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है. यह अवधि 6 जनवरी से 6 फरवरी 2026 तक चलेगी. जिन मतदाताओं का नाम ड्राफ्ट सूची में नहीं आया है, वे इस अवधि में आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन कर सकते हैं.

फॉर्म 6, 7 और 8 की सुविधा

  • नया वोटर बनने के लिए फॉर्म-6

  • नाम या पते में सुधार के लिए फॉर्म-8

  • मृत या स्थायी रूप से बाहर रह रहे मतदाता का नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7

  • अब तक 15.78 लाख से अधिक नए मतदाता इस प्रक्रिया के तहत जुड़ चुके हैं.

वोटर लिस्ट में नाम कैसे देखें?

  • Election Commission of India (ECI) की वेबसाइट पर जाएं

  • 'Search your name in Electoral Roll' या 'मतदाता सूची में नाम खोजें' ऑप्शन पर क्लिक करें

  • यहां दो विकल्प मिलेंगे: EPIC नंबर (Voter ID नंबर) से

  • नाम, उम्र, जिला और विधानसभा क्षेत्र डालकर

  • जरूरी जानकारी भरें और Search पर क्लिक करें

  • अगर आपका नाम लिस्ट में होगा तो पूरा विवरण स्क्रीन पर दिख जाएगा.

6 मार्च को जारी होगी फाइनल वोटर लिस्ट
चुनाव आयोग ने साफ किया कि 6 मार्च 2026 को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी. आयोग ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे समय रहते अपना नाम जांच लें और जरूरत पड़ने पर दावा या आपत्ति जरूर दर्ज कराएं.