scorecardresearch

पत्नी को था शक तो सेट कर दी पति की फील्डिंग, फिर गजब हो गया

सीतापुर से घरेलू विवाद का एक और मामला सामने आ रहा है, जहां पत्नी ने पति की जम कर पिटाई कर दी. कारण जान कर लोग हो गए हैरान.

सीतापुर के दंपति सीतापुर के दंपति

सीतापुर के तंबौर इलाके से पति-पत्नी के रिश्ते में अविश्वास से जुड़ा एक अलग तरह का मामला सामने आया है. यहां एक महिला ने अपने पति पर अवैध संबंध होने का शक जताया. इसी संदेह को पक्का करने के लिए उसने बुर्का पहनकर पति की गतिविधियों पर नजर रखी. मौका मिलने पर उसने बीच चौराहे पर पति का सामना किया और हाथापाई करना शुरू कर दिया. इस दौरान आसपास मौजूद लोगों ने घटना को देखा और कुछ ने इसका वीडियो भी बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर फैल गया.

शक से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, महिला को अपने शिक्षक पति के किसी अन्य महिला से संबंध होने का संदेह था. इसी वजह से उसने खुद पहचान छिपाकर पति की रेकी की. जब उसे लगा कि अब सीधे बात करनी चाहिए, तो उसने सार्वजनिक जगह पर पति को रोककर विरोध जताया. अचानक हुए इस घटनाक्रम से आसपास भीड़ इकट्ठा हो गई. लोगों ने दोनों से पूछताछ की, तब पता चला कि मामला पति-पत्नी के बीच का घरेलू विवाद है. इसके बाद भीड़ धीरे-धीरे वहां से हट गई, लेकिन वीडियो के कारण चर्चा जारी रही.

पति का पक्ष और शिकायत
मामले में पति अजय नागर, जो फिरोजाबाद जिले के टॉपा कलां के निवासी बताए जा रहे हैं, उन्होंने तंबौर थाने में एक प्रार्थना पत्र दिया. उन्होंने बताया कि मंगलवार को स्कूल से लौटते समय सुमली स्कूल के पास वाहन रुकने पर बुर्का पहने महिला ने उन पर हमला किया और गाड़ी के शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए. बाद में बुर्का हटाने पर पता चला कि वह उनकी पत्नी है. उनके अनुसार, इस दौरान पत्नी के साथ उसकी मां और बेटी भी मौजूद थीं और हाथापाई हुई. शिकायत में घटना की वजह घरेलू विवाद बताई गई है.

पुलिस का कहना
पुलिस का कहना है कि मामले की जानकारी सामने आई है, लेकिन औपचारिक रूप से दोनों पक्षों से पूरी कानूनी कार्रवाई अभी दर्ज नहीं हुई है. फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद तरह-तरह की चर्चाएं जरूर हो रही हैं, लेकिन आधिकारिक स्तर पर जांच के बाद ही स्पष्ट स्थिति सामने आएगी.

(रिपोर्ट- अरविंद मोहन मिश्रा)

ये भी पढ़ें