पुलिस ने दिया लोगों को गुलाब
पुलिस ने दिया लोगों को गुलाब
दक्षिणी दिल्ली के मूलचंद फ्लाईओवर के पास एक अनोखी और सकारात्मक पहल देखने को मिली. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ सख्ती दिखाने के बजाय उन्हें जागरूक करने का नया तरीका अपनाया. नियम तोड़ने वालों को रोककर उनका चालान करने की बजाय उन्हें ट्रैफिक नियमों के महत्व के बारे में समझाया गया और इसके बाद उन्हें गुलाब का फूल भेंट किया गया.
सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की कोशिश
यह पहल डिफेंस कॉलोनी सर्कल के ट्रैफिक इंस्पेक्टर मधुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में चलाई गई. अभियान के दौरान जिन लोगों को ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करते हुए पाया गया, उन्हें रोका गया और समझाया गया कि ट्रैफिक नियम केवल कानून नहीं, बल्कि उनकी अपनी सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं. पुलिसकर्मियों ने लोगों से कहा कि उनकी जिंदगी अनमोल है और नियमों का पालन करके वे खुद को और दूसरों को सुरक्षित रख सकते हैं.
लोगों ने माना अपनी गलती, की नियम पालन की बात
इस दौरान जिन लोगों को रोका गया, उन्होंने भी अपनी गलती स्वीकार की. उन्होंने बताया कि पुलिस की यह पहल उन्हें अच्छी लगी और इस तरह समझाने से उन्हें अपनी जिम्मेदारी का एहसास हुआ. कई लोगों ने कहा कि आगे से वे ट्रैफिक नियमों का पूरी तरह पालन करेंगे, क्योंकि यह उनकी सुरक्षा के लिए जरूरी है और इससे सड़क हादसों से बचा जा सकता है.
सकारात्मक पहल से मिला अच्छा संदेश
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की यह पहल यह दिखाती है कि जागरूकता और संवाद के जरिए भी लोगों के व्यवहार में बदलाव लाया जा सकता है. गुलाब देकर समझाने का यह तरीका न केवल लोगों को भावनात्मक रूप से जोड़ता है, बल्कि उन्हें नियमों के प्रति जिम्मेदार भी बनाता है.
रिपोर्टर: आशुतोष कुमार
ये भी पढ़ें: