
308 पहियो पर आई खास विशाल मशीन
308 पहियो पर आई खास विशाल मशीन
उत्तर प्रदेश के चंदौली में इन दिनों एक विशालकाय ट्रक लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. 308 पहियों वाला यह ट्रक बेल्जियम से आई एक भारी मशीन को लेकर लखीमपुर खीरी जा रहा है. जब यह ट्रक नेशनल हाईवे-19 पर पहुंचा तो इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़क पर जमा हो गए. ट्रक का साइज इतना बड़ा है कि इसे आगे बढ़ाने के लिए रास्ते में कई खास इंतजाम करने पड़ रहे हैं.

इस विशाल मशीन को बेल्जियम से समुद्र के रास्ते भारत लाया गया है. यह मशीन पहले ओडिशा के पारादीप पोर्ट पहुंची. इसके बाद इसे 308 पहियों वाले खास ट्रक पर लादा गया और सड़क के रास्ते लखीमपुर खीरी के कुंभी ले जाया जा रहा है. यहां बायोप्लास्टिक बनाने का प्लांट तैयार किया जा रहा है और इसी प्लांट में इस मशीन का इस्तेमाल होना है.
पारादीप से निकलने के बाद यह भारी ट्रक झारखंड और बिहार से होते हुए उत्तर प्रदेश पहुंचा. रास्ते में ट्रक की ऊंचाई और चौड़ाई के कारण कई जगह परेशानी आई. कई स्थानों पर सड़क के ऊपर बने ढांचे, होर्डिंग और फुट ओवर ब्रिज रास्ते में आ रहे थे. इन बाधाओं को हटाकर ट्रक को आगे बढ़ाया गया.

चंदौली में ट्रक को आगे निकालने के लिए एक फुट ओवर ब्रिज को क्रेन की मदद से ऊपर उठाना पड़ा. इसके लिए ब्रिज के हिस्सों को खोलकर बड़ी क्रेनों से ऊपर किया गया. इसके बाद ट्रक को वहां से निकालने की तैयारी की गई. कुछ जगह होर्डिंग और दूसरी रुकावटों को हटाने के लिए हाइड्रा मशीन का भी इस्तेमाल किया गया.
इतने बड़े ट्रक को सुरक्षित तरीके से आगे ले जाने के लिए ट्रैफिक पुलिस और विशेषज्ञों की टीम भी साथ चल रही है. भीड़ को नियंत्रित करने और ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं. ओडिशा से आगे बढ़ते समय भी रास्ते में कई बड़ी रुकावटें हटाई गई थीं.
308 पहियों वाले इस ट्रक की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए. इसी वजह से चंदौली पहुंचने पर इसे देखने के लिए आसपास के लोग भी हाईवे पर पहुंच गए. लोगों के लिए इतना बड़ा ट्रक और उस पर लदी भारी मशीन देखना एक अलग अनुभव रहा.