Surat Cafe Theft Case
Surat Cafe Theft Case
सूरत शहर के पॉश माने जाने वाले उमरा इलाके में एक कैफे से 80 हजार रुपये नकद चोरी होने का मामला सामने आया है. उमरा पुलिस थाना क्षेत्र के Cafe de meet में काम करने वाले कर्मचारी पर ही गल्ले से रकम चोरी कर फरार होने का आरोप है. पूरी घटना कैफे में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसमें आरोपी कर्मचारी रुपयों के नोट गिनता हुआ साफ दिखाई दे रहा है.
मार्च 2026 से कैफे में कर रहा था नौकरी
आरोपी की पहचान प्रिन्स कुमार सुरेन्द्र सिंह के रूप में हुई है. वह मूल रूप से भोजपुर, बिहार का रहने वाला है और मार्च 2026 से कैफे में नौकरी कर रहा था. कैफे संचालकों ने उस पर भरोसा करते हुए उसे रोजाना के कामकाज की जिम्मेदारी दी थी. आरोप है कि इसी भरोसे का फायदा उठाकर प्रिन्स कुमार ने कैफे के गल्ले से रकम चोरी करने की योजना बनाई.
देर रात गल्ले से निकाले 80 हजार रुपये
घटना 14 अगस्त की देर रात करीब 2:10 बजे की बताई जा रही है. उस समय कैफे बंद था और आसपास सन्नाटा था. आरोप है कि प्रिन्स कुमार कैफे के काउंटर पर पहुंचा और गल्ले से 80 हजार रुपये नकद निकाल लिए. CCTV फुटेज में वह बेधड़क तरीके से रुपयों के नोट गिनता हुआ दिखाई दे रहा है. इसके बाद उसने नकदी अपनी जेब में रखी और वहां से फरार हो गया. खास बात यह है कि उसे इस बात का जरा भी डर नहीं था कि उसकी पूरी हरकत CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो रही है.
सुबह गल्ला खुला तो सामने आई चोरी
सुबह कैफे संचालक जब वहां पहुंचे और रोजाना के हिसाब-किताब के दौरान गल्ला चेक किया, तो उसमें से बड़ी रकम गायब मिली. इसके बाद कैफे स्टाफ में प्रिन्स कुमार के गायब होने को लेकर शक और गहरा गया. संचालकों ने तुरंत कैफे में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज देखने के बाद पूरी घटना सामने आ गई और प्रिन्स कुमार के रात में नकदी लेकर फरार होने की बात स्पष्ट हुई.
उमरा पुलिस ने शुरू की जांच
घटना सामने आने के बाद कैफे संचालक तुरंत उमरा पुलिस स्टेशन पहुंचे. उन्होंने उमरा पुलिस इंस्पेक्टर को लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की. शिकायत के आधार पर उमरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. CCTV फुटेज को भी जांच का अहम आधार बनाया गया है.
बिहार भागने से पहले आरोपी को पकड़ने की कोशिश
पुलिस को पता चला है कि आरोपी प्रिन्स कुमार मूल रूप से बिहार का रहने वाला है. चोरी के बाद उसके रातों-रात फरार होने की बात सामने आई है. ऐसे में उसके अपने गृह राज्य बिहार भाग जाने से पहले उसे पकड़ने के लिए पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाई हैं. पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
ये भी पढ़ें