scorecardresearch

इंदौरवासियों पर फक्र है...एक बार फिर इंदौर ने लहराया परचम, लगातार पांचवीं बार मिला सबसे स्वच्छ शहर का अवॉर्ड

स्वच्छता सर्वेक्षण में इंदौर ने एक बार फिर बाजी मारी है. इंदौर को लगातार पांचवीं बार सबसे स्वच्छ शहर का अवॉर्ड मिला है. दिल्ली के विज्ञान भवन में हुए कार्यक्रम में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने इंदौर को यह पुरस्कार दिया. स्वच्छता सर्वेक्षण में नंबर वन आने पर लोगों ने केक काटकर और आतिशबाजी कर जश्न मनाया.

Advertisement
इंदौर को लगातार पांचवीं बार मिला स्वच्छ शहर का अवॉर्ड इंदौर को लगातार पांचवीं बार मिला स्वच्छ शहर का अवॉर्ड
हाइलाइट्स
  • 2017 में पहली बार इंदौर को मिला था सबसे स्वच्छ शहर का पुरस्कार

  • 2017 से लगातार इंदौर को स्वच्छ शहर का पुरस्कार मिल रहा है

स्वच्छता सर्वेक्षण में मध्य प्रदेश के इंदौर शहर ने एक बार फिर बाजी मारते हुए देश के सबसे साफ शहर का तमगा हासिल किया. शनिवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दिल्ली के विज्ञान भवन में हुए कार्यक्रम में इंदौर को यह पुरस्कार दिया. यह लगातार पांचवां साल है जब इंदौर सफाई में देश भर में अव्वल आया है. स्वच्छता सर्वेक्षण में नंबर वन आने पर इंदौर के लोगों में काफी उत्साह है. लोगों ने केक काटकर और आतिशबाजी कर जश्न मनाया.

2017 में पहली बार मिला था पुरस्कार
शनिवार को भारत सरकार के आवास और शहरी कार्य मंत्रालय ने देश में हुए इस वर्ष के स्वच्छता सर्वेक्षण के परिणाम घोषित किए. इसमे इंदौर को देश का सबसे साफ शहर का पुरस्कार दिया गया. इंदौर शहर को देश के सबसे स्वच्छ शहर होने का पुरस्कार पहली बार साल 2017 में मिला था.

सफाई मित्र सुरक्षा चैलेंज में नगर निगम इंदौर नंबर वन
इसी तरह नगर निगम इंदौर द्वारा एक और उपलब्धि हासिल करते हुए संपूर्ण देश में सफाई मित्र सुरक्षा चैलेंज में भी देश के प्रथम शहर होने का पुरस्कार प्राप्त किया. यह पुरस्कार भी राष्ट्रपति द्वारा इंदौर नगर निगम को प्रदान किया गया. साल 2016 से ही इंदौर नगर निगम, शहर के नागरिकों के सहयोग से घर-घर कचरा कलेक्शन गीला-सूखे कचरे का पृथ्थकीकरण, सैनिटाइजेशन के तहत टॉयलेट और यूरिनल का निर्माण और गीले-सूखे कचरे की शत-प्रतिशत प्रोसेसिंग सुनिश्चित की गई थी. 

मुख्यमंत्री ने जताई खुशी
इंदौर को लगातार पांचवें साल देश के सबसे स्वच्छ शहर का तमगा मिलने पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खुशी जताते हुए इंदौर की जनता को प्रणाम किया. उन्होंने ट्वीट कर लिखा-"अरे वाह भिया, छा गया अपना इंदौर फिर से. इंदौर अद्भुत है, गजब है. धन्य है इंदौर की जनता, इंदौर की जनता को मेरा प्रणाम जिन्होंने इंदौर को लगातार 5वीं बार स्वच्छता में शीर्ष पर बनाए रखा. बधाई जनप्रतिनिधियों को, सांसद, विधायक, प्रशासन, स्वच्छता कर्मियों, स्वयंसेवी संगठनों को. बधाई इंदौर. प्रदेश के शहरी विकास मंत्री भूपेंद्र सिंह जी को बहुत-बहुत बधाई. मेरा मन आनंद से भरा है, ये इंदौर है जो निरंतर स्वच्छता के विभिन्न मानकों पर नंबर वन आ रहा है. ये इंदौर की जनता की इच्छाशक्ति का परिणाम है, जो अपने शहर को अपने घरों की तरह स्वच्छ रखने का संकल्प लिए हुए है".