Vijay announced three free LPG cylinders
Vijay announced three free LPG cylinders
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने सोमवार को विधानसभा में आम लोगों से जुड़ी कई बड़ी घोषणाएं कीं. सरकार ने 2.5 लाख रुपए से कम सालाना आय वाले परिवारों को हर साल 3 LPG सिलेंडर की कीमत देने का ऐलान किया है. ‘अन्नपूर्णी सुपर सिक्स’ योजना पोंगल 2027 से शुरू होगी. इससे करीब 1.30 करोड़ परिवारों को फायदा मिलने का अनुमान है. इसके साथ ही ट्रांसजेंडर लोगों के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा और महिलाओं के फ्री बस सफर का दायरा बढ़ाने की घोषणा की गई है.
साल में 3 सिलेंडर की रकम सीधे खाते में आएगी
मुख्यमंत्री विजय ने बताया कि जिन परिवारों की सालाना आय 2.5 लाख रुपए से कम है, उन्हें साल में 3 LPG सिलेंडर खरीदने पर उसकी कीमत सीधे बैंक खाते में दी जाएगी. सरकार पर इस योजना से हर साल करीब 4 हजार करोड़ रुपए का अतिरिक्त खर्च आएगा. सरकार ने यह फैसला ऐसे समय में लिया है, जब खाड़ी क्षेत्र में चल रही युद्ध की स्थिति के कारण LPG की उपलब्धता और कीमतों को लेकर चिंता बढ़ी है. विजय ने कहा कि महंगे सिलेंडर का असर सीधे घर के बजट पर पड़ रहा है. ऐसे में सरकार लोगों का आर्थिक बोझ कम करना चाहती है. उनकी पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम ने चुनाव से पहले हर परिवार को साल में 6 मुफ्त LPG सिलेंडर देने का वादा किया था. फिलहाल सरकार ने 3 सिलेंडर की कीमत देने की घोषणा की है.
ट्रांसजेंडर्स को सरकारी बसों में फ्री सफर
मुख्यमंत्री ने ट्रांसजेंडर लोगों के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की घोषणा भी की. इसका मकसद इस वर्ग को आने-जाने के खर्च से राहत देना और रोजगार व दूसरी जरूरी गतिविधियों तक उनकी पहुंच आसान बनाना है. इसके साथ ही महिलाओं के लिए चल रही ‘वेट्री पयणम’ यानी ‘विजयी यात्रा’ योजना का दायरा भी बढ़ाया गया है. अब महिलाओं को सिर्फ सामान्य बसों में ही नहीं, बल्कि एक्सप्रेस, LSS और डीलक्स सरकारी बसों में भी मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी.
महिलाओं को अब ज्यादा रूट पर मिलेगी मुफ्त यात्रा
पहले महिलाओं को महानगरीय और शहरी इलाकों में सामान्य और कुछ पहाड़ी रूट की बसों में करीब 40 किलोमीटर तक मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलती थी. एक्सप्रेस, LSS, डीलक्स और कुछ उपनगरीय सेवाओं में यह सुविधा लागू नहीं थी. अब योजना के विस्तार के बाद महानगरीय और शहरी क्षेत्रों में एक्सप्रेस, LSS और डीलक्स सरकारी बसों में भी महिलाओं को मुफ्त सफर की सुविधा मिलेगी. उपनगरीय और पहाड़ी क्षेत्रों में चलने वाली नियमित किराए वाली बसों में भी इसका लाभ मिलेगा. सरकार के मुताबिक इस विस्तार से राज्य पर हर साल करीब 6 हजार करोड़ रुपए का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा. यह योजना 2 अक्टूबर से लागू होगी.
विजय बोले- महिलाओं की यात्रा की आजादी जरूरी
मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि महिलाओं के लिए सस्ता और आसान परिवहन उनकी आर्थिक स्वतंत्रता से सीधे जुड़ा है. अगर आने-जाने का खर्च कम होता है तो महिलाएं नौकरी, कारोबार, शिक्षा और दूसरी गतिविधियों के लिए ज्यादा आसानी से घर से बाहर निकल सकती हैं. सरकार का कहना है कि तमिलनाडु के किसी भी हिस्से में रहने वाली महिला सिर्फ परिवहन खर्च के कारण किसी अवसर से वंचित न हो, इसी सोच के साथ योजना का विस्तार किया गया है.
परंदूर एयरपोर्ट पर सरकार का रुख साफ
विधानसभा में विजय ने चेन्नई के पास प्रस्तावित परंदूर एयरपोर्ट को लेकर भी सरकार का रुख दोहराया. उन्होंने कहा कि मौजूदा स्थिति में सरकार परंदूर में एयरपोर्ट बनाने के पक्ष में नहीं है. इस प्रोजेक्ट का किसानों और स्थानीय लोगों की ओर से विरोध किया जाता रहा है. विजय ने कहा कि किसान देश की रीढ़ हैं और नया एयरपोर्ट ऐसी जगह बनाया जाना चाहिए, जहां किसानों की जमीन और लोगों के घरों पर कम से कम असर पड़े. उन्होंने कहा कि सरकार वैकल्पिक जगहों की तलाश कर रही है और कुछ संभावित स्थानों की पहचान भी की गई है.
मौजूदा चेन्नई एयरपोर्ट पर बनेगा टर्मिनल-5
मुख्यमंत्री ने चेन्नई के मौजूदा एयरपोर्ट को लेकर भी बड़ा ऐलान किया. उन्होंने कहा कि मीनांबक्कम स्थित चेन्नई एयरपोर्ट पर नया टर्मिनल-5 बनाया जाएगा. सरकार के इन ऐलानों में एक तरफ गरीब परिवारों के घरेलू खर्च को कम करने पर जोर दिया गया है, तो दूसरी तरफ महिलाओं और ट्रांसजेंडर लोगों के लिए सार्वजनिक परिवहन को ज्यादा सुलभ बनाने की कोशिश की गई है.
ये भी पढ़ें: