scorecardresearch

Aaj ka Mausam 17 May 2026: आज 19 राज्यों में होगी बारिश, आंधी भी चलेगी... क्या दिल्ली-एनसीआर में बढ़ेगा तापमान... जानें यूपी-बिहार सहित अन्य राज्यों में कैसा रहेगा रविवार को मौसम? 

Weather Update: मौसम विभाग के मुताबिक 17 मई को देशभर में मौसम के दो रंग देखने को मिलेंगे. कहीं आंधी-तूफान के साथ बारिश होगी तो कहीं लू चलेगी. मौसम विभाग ने रविवार को 19 राज्यों में आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की है. यहां आप जान सकते हैं रविवार को कहां और कैसा मौसम रहेगा?

Weather Update Weather Update

Weather Forecast 17 May 2026: पिछले कुछ दिनों से देशभर में मौसम के दो रंग देखने को मिल रहे हैं. कहीं गरज-चमक के साथ बारिश हो रही है तो कहीं हीटवेव का प्रकोप है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक 17 मई को 19 राज्यों में भारी बारिश और आंधी आने की संभावना है. दक्षिण, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में आंधी-बारिश और ओले गिरने की संभावना है. उधर, उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में लू (हीटवेव) का प्रकोप बढ़ने वाला है.यहां आप जान सकते हैं रविवार को कहां और कैसा मौसम रहेगा?

इन राज्यों में आंधी-बारिश की चेतावनी 
मौसम विभाग ने 17 मई को 19 राज्यों में आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की है. जिन राज्यों में रविवार को बारिश होने की संभावना है, उनमें बिहार, झारखंड, पंजाब, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, असम, मेघालय, सिक्किम, त्रिपुरा, नागालैंड, केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक शामिल हैं. इन राज्यों में कई जगहों पर 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है.

दिल्ली-एनसीआर का बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर का तापमान अब बढ़ेगा. 17 मई को गर्मी लोगों को परेशान करेगी. कई जगहों पर लू चलने की संभावना है. दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों को बहुत जरूरी हो तभी दोपहर में बाहर निकलने की सलाह दी है.

यूपी में भीषण गर्मी और लू का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश (यूपी) में रविवार को आसमान साफ रहेगा. कुछ जिलों बादलों की हल्की आवाजाही हो सकती है. बूंदाबांदी हो सकती है. मौसम विभाग ने रविवार को यूपी के कई जिलों में भीषण गर्मी और लू का अलर्ट जारी किया है. जिन जिलों में लू चलेगी उनमें, लखनऊ, वाराणसी, कानपुर, नोएडा, मेरठ, आगरा, मोरादाबाद, बलरामपुर, बस्ती, आजमगढ़, बदायूं, प्रतापगढ़, मथुरा, अमेठी, जौनपुर और मिर्जापुर शामिल हैं. लखनऊ में रविवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहेगा.

बिहार और झारखंड में कैसा रहेगा मौसम 
मौसम विभाग ने बिहार और झारखंड के कई जिलों में रविवार को बारिश-आंधी का अलर्ट जारी किया है. बिहार के जिन जिलों में 17 मई को बारिश होने की संभावना है, उनमें कैमूर, रोहतास, गया, जहानाबाद, औरंगाबाद, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, भागलपुर, पूर्णिया, मुंगेर, दरभंगा, मधुबनी, कटिहार, खगड़िया और बेगूसराय शामिल हैं. मौसम विभाग ने इन जिलों में तेज आंधी की चेतावनी भी जारी की है. पटना में 17 मई को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा. उधर, झारखंड में 17 मई को जिन जिलों में बारिश होने की संभावना है, उनमें धनबाद, बोकारो, रामगढ़, गिरिडीह, दुमका, देवघर और कोडरमा शामिल हैं. इस दौरान इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी. रांची में रविवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है.