Weather Update
Weather Update
Aaj ka Mausam: पूरे देश में पिछले कुछ दिनों से मौसम दो रूप दिखा रहा है. कहीं लोग प्रचंड गर्मी और लू से परेशान हैं तो कहीं आंधी और बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक 21 मई 2026 को भी देश में मौसम दो रूप दिखाने वाला है. देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहने वाला है.
उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में हीटवेव से लेकर भीषण हीटवेव चलने की संभावना है. दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में 21 मई को हीटवेव चलने की संभावना है. छत्तीसगढ़, तेलंगाना, ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश में भी लू चलने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले सात दिनों तक उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा. कई जगहों पर तापमान 47 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच सकता है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर-पश्चिमी हवाएं राजस्थान के थार रेगिस्तान से गर्म और सूखी हवा लेकर आ रही हैं, इसी के चलते प्रचंड गर्मी पड़ रही है. उधर, पूर्वोत्तर भारत और अंडमान-निकोबार सहित 13 राज्यों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है. दक्षिण भारत के कई राज्यों में गुरुवार को गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है.
आज दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर में गर्मी कहर बरपा रही है. मौसम विभाग के मुताबिक यहां के लोगों को अभी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है. मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक भीषण लू चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में इस सप्ताह अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है. न्यूनतम तापमान 26 से 29 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है. मौसम विभाग ने दिल्ली में 21 से 26 मई के दौरान भीषण हीटवेव का अलर्ट जारी किया है.
यूपी में भीषण लू का अलर्ट
उत्तर प्रदेश (यूपी) इन दिनों भट्ठी की तरह तप रहा है. बांदा जिले में तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है. मौसम विभाग ने 21 मई को 23 जिलों में लू का रेड अलर्ट और 13 जिलों में भीषण गर्मी की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग के मुताबिक यूपी के कई जिलों में 21 से 26 मई तक लू और भीषण लू का प्रकोप जारी रहेगा. मौसम विभाग ने वाराणसी, जौनपुर, फर्रुखाबाद, प्रतापगढ़, सोनभद्र, चंदौली, कन्नौज, उन्नाव, रायबरेली, बागपत, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर और कासगंज गुरुवार को लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
बिहार में बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने बिहार में 21 से 26 मई तक तेज हवाओं के साथ बारिश की अलर्ट जारी किया है. पटना, गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर में आंधी और बारिश आने की संभावना है. जिन जिलों में बारिश होगी, वहां के लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी. मौसम विभाग के मुताबिक बिहार के कई जिलों में 21 मई को लू चलने की संभावना है.
झारखंड में आंधी-पानी की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक झारखंड में 21 से 26 मई तक आंधी और बारिश की संभावना है. रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो में गरज-चमक के साथ गुरुवार को बारिश हो सकती है. इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है.