Weather Update
Weather Update
Weather Report: देश के अधिकांश राज्य इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं. यहां के लोगों के लिए राहत भरी खबर है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 28 मई को 12 राज्यों में आंधी और बारिश की संभावना व्यक्त की है. जिन राज्यों में बारिश होगी वहां का तापमान नीचे आएगा. मौसम विभाग ने कई जगहों पर बिजली गिरने और ओलावृष्टि का अलर्ट भी जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता और मॉनसून की पूर्वानुमानित प्रगति के चलते इन राज्यों में मौसम तेजी से बदलने वाला है. 28 मई से तापमान में गिरावट आने और लू से राहत मिलने के संभावना है.
इन राज्यों में आंधी और बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने गुरुवार को जिन राज्यों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है, उनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और केरल शामिल हैं. इन राज्यों में 50-70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवा चलने की संभावना है.
दिल्ली-एनसीआर में कब होगी बारिश
दिल्ली-एनसीआर के लोग इस समय प्रचंड गर्मी से परेशान हैं. यहां तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है. मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में 28 मई से मौसम करवट ले सकता है. गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. इस दौरान हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. 29 मई को मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. 30 मई और 31 मई को भी आंधी-पानी की संभावना है. आंधी और बारिश से तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है.
उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. यूपी के कई जिलों में 28 से 31 मई के बीच गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. मौसम विभाग ने 29 मई को कुछ जिलों में 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार वाले तूफान, भारी बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी दी है. मौसम विभाग के अनुसार 28 से 31 मई के बीच लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, अयोध्या, गोरखपुर और कानपुर में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है.
बिहार में आंधी-पानी की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक बिहार के कई जिलों में अगले दो दिन मौसम बिगड़ सकता है. आंधी और बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने 28 और 29 मई को कटिहार, पूर्णिया और पूर्वी चंपारण समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान यहां 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. कुछ जगहों पर ओलावृष्टि होनी की भी संभावना है.इस दौरान मौसम विभाग ने लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है.
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में 28 से 29 मई के बीच बारिश होने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी, कुल्लू और कांगड़ा सहित कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. उत्तराखंड के चमोली, पंतनगर, रानीखेत और चंपावत में आंधी और बारिश की संभावना है. जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, रामबन, पुंछ सहित कुछ और जगहों पर हल्की-मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना है. कई इलाकों में ओलावृष्टि होने की भी चेतावनी है.
मॉनसून को लेकर क्या है नया अपडेट
केरल में मॉनसून ने अभी आधिकारिक एंट्री नहीं की है, लेकिन दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अरब सागर, लक्षद्वीप और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में आगे बढ़ चुका है. IMD के मुताबिक अगले दो-तीन दिनों में मॉनसून के और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं. मौसम विभाग ने पहले अनुमान लगाया था कि मानसून 26 मई के आसपास केरल पहुंच सकता है, लेकिन इसमें कुछ दिनों की देरी संभव है.