Weather Updates
Weather Updates
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक 4 जून 2026 को केरल में मॉनसून ने दस्तक दे दिया है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो से तीन दिनों में मॉनसून कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, गोवा, महाराष्ट्र के बाकी हिस्सों और पूर्वोत्तर भारत के कई इलाकों में तेजी से आगे बढ़ सकता है. अगले 7 दिनों के दौरान केरल और कर्नाटक में कई जगहों पर 7 से 20 सेंटीमीटर तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. तमिलनाडु में भी कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. IMD ने 5 जून दिन शुक्रवार को 19 राज्यों में आंधी-बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान कई जगहों पर 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है. कई जगहों पर बिजली, ओले गिरने और वज्रपात की संभावना है. ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की सलाह दी है.
इन राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने शुक्रवार को 19 राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. जिन राज्यों में 5 जून को बारिश होने की संभावना है, उनमें यूपी, बिहार, झारखंड, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और असम शामिल हैं.
दिल्ली-एनसीआर में बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में 5 जून 2026 को बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. दिल्ली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है. मौसम विभाग ने तेज हवाओं और बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है.
यूपी में आज, कल और परसो बदला रहेगा मौसम
उत्तर प्रदेश (यूपी) में अगले तीन दिनों तक मौसम सुहावना बना रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार 5 से 7 जून के बीच यूपी के ई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. कुछ इलाकों में वज्रपात गिरने की भी संभावना है. मौसम विभाग ने शुक्रवार को यूपी के लखनऊ, कानपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, आगरा, मथुरा, सीतापुर, शाहजहांपुर, बिजनौर, बरेली, हरदोई, फर्रुखाबाद, बदायूं, रामपुर, पीलीभीत, बाराबंकी, उन्नाव, कन्नौज, फिरोजाबाद और औरैया में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. लखनऊ में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है.
बिहार में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने बिहार के कई जिलों में 5 और 6 जून के बीच बारिश होने की संभावना व्यक्त की है. बिहार के जिन जिलों में बारिश होने की संभावना है, उनमें पटना, गया, बक्सर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सिवान, सारण, भोजपुर, वैशाली, पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार, भागलपुर, मुंगेर, खगड़िया और अररिया शामिल हैं. बारिश के दौरान कई जगहों पर 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है. शुक्रवार को पटना का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है.
झारखंड में आंधी-पानी की संभावना
झारखंड के कई जिलों में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम बिगड़ा हुआ रह सकता है. मौसम विभाग ने 5 से 6 जून के बीच झारखंड में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की है. जिन जगहों पर बारिश होने की संभावना है, उनमें रांची, धनबाद, टाटा नगर, बोकारो, गिरिडीह, साहेबगंज, दुमका, जामताड़ा, पलामू, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम शामिल हैं. इस दौरान कई जगहों पर 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. कुछ जगहों पर ओले भी गिर सकते हैं. 5 जून को रांची का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है.