scorecardresearch

TOP HEADLINES OF TODAY: 17 जुलाई 2023 सोमवार की बड़ी खबरें

breaking news in hindi: लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा को हराने के लिए बेंगलुरु में विपक्षी दलों की बैठक आज से शुरू हो रही. इसमें 26 पार्टियां शामिल होंगी. बैठक में शामिल होने वाले नेताओं में सोनिया गांधी, ममता बनर्जी, शरद पवार, अरविंद केजरीवाल, एमके स्टालिन, नीतीश कुमार और हेमंत सोरेन शामिल हैं.

  • भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने सोमवार को कहा कि चंद्रयान-3 अंतरिक्ष यान दूसरी कक्षा बढ़ाने की प्रक्रिया के सफल समापन के बाद अब पृथ्वी के चारों ओर एक नई, उच्च कक्षा में चला गया है. इसरो ने एक आधिकारिक बयान में कहा, अगले महीने चंद्रमा की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग करने की उम्मीद करते हुए, चंद्रयान-3 अब पृथ्वी के चारों ओर एक अण्डाकार कक्षा में घूम रहा है, जो पृथ्वी की सतह से सबसे दूर 41,603 किमी और सबसे नजदीक 226 किमी है.

  • सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को कहा कि वह राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार (जीएनसीटीडी) से सेवाएं छीनने वाले केंद्रीय अध्यादेश को चुनौती देने वाली दिल्ली सरकार की याचिका को पांच सदस्यीय संविधान पीठ के पास भेजने को इच्छुक है. इस मामले में अगली सुनवाई अब 20 जुलाई को होगी.

  • कुल्लू के किआस में सोमवार को बादल फटने से 1 व्यक्ति की मौत हो गई जबकि 3 लोगों के घायल होने की खबर है. राज्य के 4 जिलों के लिए आज बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है. हरिद्वार में गंगा नदी से सटे हुए इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है. इधर दिल्ली में चार दिन तक यमुना का वाटर लेवल घटने के बाद सोमवार को फिर से बढ़ गया है. दिल्ली की कैबिनेट मंत्री आतिशी ने कहा है कि रातोरात यमुना नदी का जल स्तर बढ़ सकता है, इसलिए लोगों को फिलहाल राहत शिविर नहीं छोड़ना चाहिए. जलस्तर खतरे के निशान से नीचे जाने के बाद ही लोग अपने घरों को लौटें.

  • लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा को हराने के लिए बेंगलुरु में विपक्षी दलों की बैठक आज से शुरू हो रही. इसमें 26 पार्टियां शामिल होंगी. बैठक में शामिल होने वाले नेताओं में सोनिया गांधी, ममता बनर्जी, शरद पवार, अरविंद केजरीवाल, एमके स्टालिन, नीतीश कुमार और हेमंत सोरेन शामिल हैं. तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और DMK प्रमुख एमके स्टालिन, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बैठक में हिस्सा लेने के लिए बेंगलुरु पहुंच चुके हैं.

  • सभी EVM के साथ अनिवार्य तौर पर VVPAT लगाने की मांग वाली अर्जी पर सुप्रीम कोर्ट ने नोटिस जारी कर निर्वाचन आयोग को मंतव्य बताने को कहा है. सोमवार को हुई सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि याचिकाकर्ता याचिका की कॉपी चुनाव आयोग को भी दे. याचिकाकर्ता के वकील प्रशांत भूषण ने कहा कि मतगणना के दौरान कई जगहों से ईवीएम मे गड़बड़ी की शिकायतें लगातार और हर चुनाव में आ रही हैं. इसलिए सभी EVM के साथ VVPAT लगाई जानी चाहिए. मामले में अगली सुनवाई तीन हफ्ते बाद होगी.

  • श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने केदारनाथ मंदिर के अंदर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पर प्रतिबंध लगा दिया है. मंदिर समिति केदारनाथ मंदिर परिसर में जगह-जगह चेतावनी बोर्ड लगाई कि अगर कोई फोटो लेता या वीडियो बनाता पकड़ा गया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

  • झारखंड में ज्योतिर्लिंग बैद्यनाथ की नगरी देवघर में एयरपोर्ट मामले में बीजेपी सांसद मनोज तिवारी, निशिकांत दूबे और अन्य लोगों के खिलाफ दर्ज FIR रद्द करने के झारखंड हाईकोर्ट के आदेश को राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी. सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार की विशेष अनुमति याचिका यानी एसएलपी पर सुनवाई करते हुए दोनों सांसदों मनोज तिवारी और निशिकांत दूबे को नोटिस जारी किया. इन बीजेपी नेताओं पर एयर पोर्ट में स्थित एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) कार्यालय में जबरन घुसने और कर्मियों पर हवाई अड्डे से उनकी चार्टर्ड उड़ान को मंजूरी देने के लिए दबाव बनाने के आरोप में FIR दर्ज की गई थी.

  • बिना वीजा के पाकिस्तान से भारत आई सीमा हैदर को UP एटीएस ने हिरासत में ले लिया है. नोएडा में सीमा हैदर और उसके प्रेमी सचिन और सचिन के पिता से पूछताछ की जा रही है. एटीएस ने सीमा के आईडी कार्ड्स हाई कमीशन को भेजे हैं. कराची की रहने वाली सीमा हैदर अपने चार बच्चों के साथ पिछले दिनों काठमांडू के रास्ते ग्रेटर नोएडा स्थित सचिन के घर आई थी. सीमा और सचिन का दावा है कि PUBG खेलते हुए दोनों के बीच दोस्ती और फिर प्यार हुआ. 

  • गुजरात से राज्यसभा के लिए निर्दलीय उम्मीदवारों ने सोमवार को अपना नामांकन वापस ले लिया, जिससे विदेश मंत्री एस. जयशंकर के उच्च सदन के लिए फिर से चुने जाने का रास्ता साफ हो गया है. गांधीनगर में दूसरे उम्मीदवारों ने अपना नामांकन वापस लेने के बाद जयशंकर के साथ, केसरीसिंह ज़ाला और बाबूभाई देसाई भी गुजरात से राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुने जाएंगे.

  • पिछले 24 घंटों में असम और उससे सटे अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश की वजह से धेमाजी जिले में नदियों का जल स्तर बढ़ गया है. 50 से अधिक गांव बाढ़ के पानी से घिर गए हैं और राष्ट्रीय राजमार्ग 15 का भजुगांव खंड डेढ़ फीट पानी में डूबा हुआ है. हालांकि राजमार्ग पर अब भी यातायात चल रहा है, लेकिन अधिकारियों के मुताबिक अगर जलस्तर और बढ़ता है, तो सड़क को वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया जाएगा.

  • प्राइवेट सेक्टर के सबसे बड़े कर्जदाता एचडीएफसी बैंक का नेट प्रॉफिट चालू वित्त वर्ष की पहली अप्रैल-जून तिमाही में 29.13% बढ़कर 12,370.38 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है. एचडीएफसी बैंक ने हाल अपनी होम फाइनेंस की मूल कंपनी एचडीएफसी का खुद में विलय किया है. इससे पिछले वित्त वर्ष यानी 2022-23 की पहली तिमाही में बैंक ने 9,579.11 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था. पिछली जनवरी-मार्च की तिमाही में बैंक का शुद्ध लाभ 12,594.47 करोड़ रुपये रहा था