scorecardresearch

TOP HEADLINES OF TODAY: 24 जुलाई 2023 सोमवार की बड़ी खबरें

Top News: राज्यसभा सभापति जगदीप धनखड़ ने AAP सांसद संजय सिंह को 'सभापति के निर्देशों का बार-बार उल्लंघन' करने पर राज्यसभा से निलंबित कर दिया है.

  • कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने वित्त वर्ष 2022-23 के लिए कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) खाते के लिए 8.15% ब्याज दर की घोषणा की है. इससे पहले ये 8.10 फीसदी था. केंद्रीय वित्त मंत्रालय ने भविष्य निधि योगदान के लिए ब्याज दर में बढ़ोत्तरी को नोटिफाई कर दिया है.

  • सुप्रीम कोर्ट ने मस्जिद में ASI के सर्वे पर 26 जुलाई यानी 2 दिन तक रोक लगा दी है. ज्ञानवापी मस्जिद के वैज्ञानिक सर्वेक्षण पर रोक लगाते हुए सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को मामले में याचिकाकर्ताओं को इलाहाबाद हाई कोर्ट जाने की अनुमति दे दी. सीजेआई डी वाई चंद्रचूड़ की अगुवाई वाली पीठ ने निर्देश दिया कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) द्वारा मस्जिद परिसर के वैज्ञानिक सर्वेक्षण के लिए निर्देश जारी करने वाले ट्रायल कोर्ट के आदेश को 26 जुलाई को शाम 5 बजे तक लागू नहीं किया जाएगा. वाराणसी की अदालत ने मस्जिद में ASI सर्वे का आदेश दिया था.

  • गुजरात के जूनागढ़ में दो मंजिला इमारत ढह गई. इस हादसे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है. यह इमारत सब्जी मंडी के पास थी और इसके नीचे दुकानें भी थीं. पुलिस और SDRFकी टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है.

  • राज्यसभा सभापति जगदीप धनखड़ ने AAP सांसद संजय सिंह को 'सभापति के निर्देशों का बार-बार उल्लंघन' करने पर राज्यसभा से निलंबित कर दिया है. जब सदन की कार्यवाही चल रही थी इसी दौरान आप सांसद संजय सिंह चेयरमैन की कुर्सी के सामने आकार जोर-जोर से कुछ बोल रहे थे. इसके बाद उन्हें पूरे मानसून सत्र के लिए सस्पेंड कर दिया गया.

  • मणिपुर मुद्दे पर विपक्ष और सरकार के बीच जारी गतिरोध के बीच आज संसद के दोनों सदनों को दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया. लोकसभा में अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि सदन मणिपुर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है लेकिन विपक्ष यह तय नहीं कर पा रहा है कि कौन जवाब देगा. विपक्षी सांसदों ने मणिपुर मामले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान की मांग की है. राज्यसभा में सभापति धनखड़ को टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन को फटकार लगाते सुना गया. 

  • मध्य प्रदेश के कुनो राष्ट्रीय उद्यान में 2 चीतों में रेडियो कॉलर हटाए जाने के बाद गंभीर संक्रमण का पता चलने पर उनका इलाज किया गया. कॉलर आईडी के इंफेक्शन की वजह से चीतों की मौत हो रही थी, जिससे विशेषज्ञों की सलाह के बाद कूनो नेशनल पार्क प्रबंधन चीतों के गले से रेडियो कॉलर हटा रहा है.

  • सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली के पूर्व मंत्री और AAP नेता सत्येन्द्र जैन की अंतरिम जमानत अगले आदेश तक बढ़ा दी है.  मनी लॉन्ड्रिंग मामले में फिलहाल अंतरिम जमानत पर चल रहे सत्येन्द्र जैन की रीढ़ की हड्डी की सर्जरी हाल ही में हुई है. कोर्ट ने चिकित्सा आधार पर उनके अंतरिम जमानत को बढ़ा दिया है.

  • यमुना नदी का जलस्तर फिर बढ़ गया है. सोमवार सुबह 7 बजे नदी का जलस्तर 206.56 मीटर तक पहुंच गया. हिंडन नदी का भी जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. लोगों को सुरक्षित जगह पर शिफ्ट किया गया है. हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, तेलंगाना, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, गोवा, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.