पाकिस्तान की विशेष अदालत ने Cipher केस में पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान की न्यायिक हिरासत 13 सितंबर तक बढ़ा दी है. इससे पहले मंगलवार को तोशाखाना मामले में हाईकोर्ट ने इमरान खान को रिहा करने का आदेश देते हुए उनकी सजा पर रोक लगाई थी.
करोड़ों रुपये के बैंक लोन घोटाले के सिलसिले में गिरफ्तार डीएचएफएल प्रमोटरों कपिल वधावन, धीरज वधावन को स्पेशल ट्रीटमेंट देने के आरोप में 7 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है.
रक्षाबंधन के मौके पर स्कूल की बच्चियों ने पीएम मोदी को राखी बांधी है. पीएम मोदी ने देशवासियों को राखी के पावन पर्व की बधाई भी दी है.
अभिनेता शाहरुख खान ने कल रात माता वैष्णो देवी मंदिर में दर्शन किए. उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. शाहरुख पिछले साल दिसंबर महीने में भी वैष्णो देवी के दर्शन करने पहुंचे थे. शाहरुख खान की फिल्म जवान अगले महीने रिलीज होने जा रही है.
दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार होने की खबरों पर चुप्पी तोड़ी है. एक प्रेस कॉन्फ्रेस के दौरान उन्होंने कहा, अरविंद केजरीवाल पीएम की रेस में बिल्कुल भी शामिल नहीं हैं. आम आदमी पार्टी INDIA गठबंधन का हिस्सा है क्योंकि आज भारत को बचाना है. देश के संविधान और इसके लोकतंत्र को बचाने की जरूरत है...मैं आधिकारिक तौर पर कहती हूं कि अरविंद केजरीवाल प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नहीं हैं.
पुणे जिले के पिंपरी चिंचवड़ इलाके में इलेक्ट्रिक हार्डवेयर की दुकान में आग लगने से 4 लोगों की मौत हो गई.
INDIA गठबंधन की दो दिवसीय बैठक कल मुंबई में शुरू होगी. गठबंधन के लोगों का अनावरण 1 सितंबर को किया जाएगा. शिवसेना (UBT) अध्यक्ष उद्धव ठाकरे 31 अगस्त को प्रतिनिधियों के लिए रात्रिभोज बैठक की मेजबानी करेंगे.
बसपा प्रमुख मायावती ने ट्वीट कर लिखा, "NDA व INDIA गठबंधन अधिकतर गरीब-विरोधी जातिवादी, साम्प्रदायिक, धन्नासेठ-समर्थक व पूंजीवादी नीतियों वाली पार्टियां हैं जिनकी नीतियों के विरुद्ध बीएसपी अनवरत संघर्षरत है और इसीलिए इनसे गठबंधन करके चुनाव लड़ने का सवाल ही पैदा नहीं होता.
बिहार शिक्षा विभाग ने सितंबर से दिसंबर के बीच सरकारी स्कूलों में त्योहार की छुट्टियों की संख्या 23 से घटाकर 11 कर दी है. छठ पूजा, रक्षाबंधन समेत कई त्योहारों में छुट्टियां कम की गई हैं. बिहार शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव केके पाठक ने छुट्टियों के संबंध में जानकारी दी है.
बिहार के रोहतास जिले में बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो एक खड़े कंटेनर से टकरा गई. जिला मुख्यालय सासाराम के पास हुए इस हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई जबकि 5 घायल हैं. सभी घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है. घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश एनवी रमणा को सिंगापुर इंटरनेशनल मिडिएशन सेंटर के अंतर्राष्ट्रीय पैनल का सदस्य बनाया गया है.
बांग्लादेश के विकेटकीपर-बल्लेबाज लिट्टन दास को वायरल बुखार के कारण एशिया कप से बाहर कर दिया गया है. लिट्टन की जगह पर शीर्ष क्रम के बल्लेबाज अनामुल हक को बांग्लादेश की टीम में शामिल किया गया है.
चंद्रयान-3 के प्रज्ञान रोवर ने विक्रम लैंडर की एक तस्वीर क्लिक की है. इसमें विक्रम लैंडर पर लगा पेलोड 'चास्टे' सतह पर ड्रिलिंग करता दिख रहा है. चंद्रमा की सरफेस पर एल्युमीनियम, कैल्शियम, आयरन, क्रोमियम, टाइटेनियम की मौजूदगी का भी पता चला है.