पत्नी से तंग आ कर मरने पहुंचा आदमी
पत्नी से तंग आ कर मरने पहुंचा आदमी
मुजफ्फरपुर जिले से एक चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में एक युवक रेलवे ट्रैक पर लेटा हुआ दिखाई देता है और अपनी जान देने की बात करता सुनाई देता है. बताया जा रहा है कि यह घटना मुजफ्फरपुर–हाजीपुर रेलखंड के भगवानपुर चौक के पास, भगवानपुर ओवरब्रिज के नीचे की है. वीडियो में युवक पटरी पर सिर रखकर ट्रेन का इंतजार करता नजर आता है, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन जाता है.
स्थानीय लोगों ने बचाई जान
वीडियो के अनुसार, उसी दौरान वहां से गुजर रहे कुछ स्थानीय लोगों की नजर युवक पर पड़ती है. स्थिति की गंभीरता को समझते हुए लोगों ने तुरंत उसे रेलवे ट्रैक से हटाया. समय रहते की गई इस पहल से युवक की जान बच गई. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उसे शांत कराया और समझाने की कोशिश की. युवक बाद में वहां से अपने घर लौट गया.
परेशानी की वजह क्या बताई
वीडियो में युवक यह कहते हुए सुनाई देता है कि वह पत्नी की लगातार शिकायतों और अपनी बेरोजगारी से परेशान होकर यह कदम उठाने आया था. उसका दावा है कि पटरी पर लेटने से पहले उसने अपनी पत्नी को वीडियो कॉल कर इस बारे में बताया था. युवक का कहना है कि पत्नी उसे हर बात पर उलाहना देती है और कई बार खाना भी नहीं देती. बेरोज़गार होने के कारण वह पत्नी की इच्छाएं पूरी नहीं कर पा रहा, जिससे मानसिक दबाव बढ़ता गया. वीडियो में वह अपना मोबाइल दिखाते हुए यह भी कहता है कि उसने पत्नी को ट्रेन से कटने की बात खुद बताई थी.
मिली जानकारी के मुताबिक युवक मुजफ्फरपुर के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है. घटना के बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. लोग इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और मानसिक तनाव व पारिवारिक विवाद जैसे मुद्दों पर भी बात कर रहे हैं.
(रिपोर्ट- मणि भूषण शर्मा)
ये भी पढ़ें