scorecardresearch

Bijnor Nafis Murder Case: 10 साल के प्रेम का खौफनाक अंत... मिलने आए प्रेमी को मिला धोखा, प्रेमिका ने भाइयों के साथ किया जो, इश्क में ऐसा अंजाम किसी को न मिले

उत्तर प्रदेश के बिजनौर में 10 साल पुराने प्रेम संबंध का खौफनाक अंत हुआ. प्रेमिका की शादी तुड़वाने का दबाव बना रहे 32 वर्षीय नफीस अहमद की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

Advertisement
बिजनौर में प्रेमी को मिला धोखा, भाइयों के साथ मिलकर रचा मृत्युकांड बिजनौर में प्रेमी को मिला धोखा, भाइयों के साथ मिलकर रचा मृत्युकांड

बिजनौर के स्योहारा थाना क्षेत्र में करीब 10 साल पुराने प्रेम संबंध का खौफनाक अंत हो गया, जिसे सुनकर आप भी कहेंगे कि इश्क में किसी के साथ ऐसा न हो. चकमहदूद सानी गांव निवासी 32 वर्षीय नफीस अहमद अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था. प्रेमी नफीस अपनी प्रेमिका की शादी तुड़वाने के लिए दबाव बनाने लगा, जिसके बाद प्रेमिका और उसके दो भाइयों ने मिलकर युवक की हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया है कि नफीस की गर्दन कुल्हाड़ी से काटी गई थी. हत्या के बाद शव को मुरादाबाद जिले के कांठ थाना क्षेत्र में ले जाकर फेंक दिया गया. मामले में स्योहारा पुलिस ने अब तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विरामपुर उर्फ अलादीनपुर निवासी आरिफ, शोएब और महफूज के रूप में हुई है. पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान इन तीनों के नाम सामने आए थे. इस मामले में पहले ही पुलिस प्रेमिका सितारा समेत उवैस और साजिद को जेल भेज चुकी है.

करीब 10 साल से चल रहा था प्रेम संबंध
पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, चकमहदूद सानी गांव निवासी नफीस अहमद का विरामपुर उर्फ अलादीनपुर गांव की एक युवती से लंबे समय से प्रेम संबंध था. दोनों करीब 10 साल से एक-दूसरे के संपर्क में थे और शादी करना चाहते थे. घटना वाले दिन सुबह करीब पांच बजे नफीस अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था. जब परिवार की नजर उसपर पड़ी तब दोनों पक्ष के बीच बहस शुरू हो गई. प्रेमी शादी तुड़वाने का दबाव लड़की के परिवार पर बनाने लगा. साथ ही अगर ऐसा नहीं होता तो महिला को बदनाम करने की धमकी देने लगा. बताया जा रहा है कि इसी दौरान मामला बिगड़ गया और नफीस के साथ युवती के भाइयों ने मारपीट की और फिर उसकी हत्या कर दी. जिसके बाद मामला संज्ञान में आने से इलाके में हड़कंप है. जो सुन रहा वह यहीं कह रहा कि कोई दुश्मन के साथ भी जल्दी ऐसा नहीं करता, फिर तो ये 10 साल का प्रेम था.

पुलिस जांच में सामने आया हत्या पहलू
शुरुआत में नफीस की हत्या को लेकर मारपीट की बात सामने आई थी, लेकिन पुलिस की विवेचना में हत्या का तरीका और भी गंभीर बताया गया. पुलिस के अनुसार, नफीस की गर्दन कुल्हाड़ी से काटकर हत्या की गई थी. पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि वारदात के दौरान आरोपी ने जो कपड़े पहने हुए थे, उन पर खून लगा था. पुलिस ने आरोपी के घर से ये कपड़े बरामद किए हैं. इसके अलावा, जिस कुल्हाड़ी से नफीस की गर्दन काटे जाने की बात जांच में सामने आई है, वह भी आरोपी के घर के पास से बरामद की गई है.

हत्या के बाद कार से दूसरे जिले में ले गए शव
पुलिस के मुताबिक, नफीस की हत्या करने के बाद उसके शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की गई. शव को कार में रखकर मुरादाबाद जिले के कांठ थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर के मजरा फजलाबाद ले जाया गया. वहां शव को फेंकने के बाद आरोपी वापस लौट आए. इधर, नफीस जब अपने घर नहीं पहुंचा तो परिवार के लोगों को चिंता हुई. उन्होंने उसकी तलाश शुरू की. गांव और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की गई, लेकिन नफीस का कोई पता नहीं चला.

मां ने दर्ज कराई गुमशुदगी, फिर मिला शव
नफीस के घर नहीं लौटने के बाद उसकी मां तसवीरन पत्नी स्वर्गीय शरीफ ने स्योहारा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई. परिवार की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को नफीस की हत्या कर शव छिपाए जाने की जानकारी मिली. इसके बाद स्योहारा और कांठ पुलिस की संयुक्त टीम ने कांठ थाना क्षेत्र के फजलाबाद में तलाश की. पुलिस ने वहां से नफीस का शव बरामद कर लिया. कांठ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था.

पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई 2026 को नफीस की मां तसवीरन ने स्योहारा थाने में तहरीर दी थी. तहरीर में उन्होंने अलादीनपुर निवासी उवेश, साजिद और सितारा समेत अन्य लोगों पर नफीस की हत्या कर शव छिपाने का आरोप लगाया था. इस शिकायत के आधार पर स्योहारा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 298/2026 दर्ज किया गया. इसमें बीएनएस की धारा 103(1), 238(A) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया. जांच के दौरान पुलिस ने मामले में कुछ अन्य लोगों के नाम भी प्रकाश में आने की बात कही. पुलिस के मुताबिक, विवेचना के आधार पर आरिफ, शोएब और महफूज के नाम सामने आए.

22 सितंबर को तीन आरोपी गिरफ्तार
स्योहारा पुलिस ने 22 सितंबर 2026 को कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आरिफ पुत्र अहमद अली, शोएब पुत्र अहमद अली और महफूज पुत्र अहमद अली, सभी निवासी ग्राम विरामपुर उर्फ अलादीनपुर, थाना स्योहारा, बिजनौर के रूप में हुई है. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है.

10 साल के रिश्ते के बाद रह गया सिर्फ एक सवाल
नफीस और युवती के बीच करीब एक दशक से प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है. दोनों शादी करना चाहते थे. लेकिन प्रेमिका से मिलने पहुंचे नफीस की हत्या के बाद यह रिश्ता एक खौफनाक वारदात में बदल गया. अब पुलिस की जांच का फोकस इस बात पर है कि वारदात के समय मौके पर कौन-कौन मौजूद था, हत्या में किसकी क्या भूमिका थी और नफीस की हत्या के बाद शव को मुरादाबाद के फजलाबाद तक ले जाने में कौन-कौन शामिल रहा. पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले में आगे की विवेचना और अन्य आवश्यक कार्रवाई जारी है.
 

ये भी पढ़ें