
cold wave winter
cold wave winter
पिछले कई दिनों से देश के अलग-अलग हिस्सों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश में लगातार पड़ रहे घने कोहरे और ठंड की वजह से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. ठंड ने एक तरफ जहां लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी है. वही घने कोहरे की वजह से सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो रहा है. एक तरफ कोहरे की वजह से यूपी में कई जगह सड़क हादसे भी हुए हैं. वहीं दूसरी तरफ घने कोहरे ने ट्रेनों की रफ्तार भी रोक दी है. आलम यह है कि अपने सही समय से चलने के लिए मशहूर देश की शान समझी जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन भी 10-10 घंटे की देरी से चल रही है. आइए जानते हैं उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जनपदों में ठंड और कोहरे का क्या आलम है.
सहारनपुर में बढ़ी ठंड की मार, रैन बसेरे बने सहारा
सहारनपुर में ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है. रात का न्यूनतम तापमान गिरकर 8 से 9 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है.बारिश न होने के कारण सूखी ठंड से लोग ज्यादा परेशान नजर आ रहे हैं. ठंड बढ़ने के साथ ही शाम होते ही शहर की सड़कें सुनसान होने लगी हैं और कोहरा भी दस्तक दे चुका है. लगातार गिरते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने खुले में न सोने की एडवाइजरी जारी की है. इसके साथ ही शीतलहर से बचाव को लेकर जल्द जनजागरूकता अभियान भी शुरू किया जाएगा. स्टेशन और प्रमुख इलाकों में चाय की दुकानों पर लोगों की भीड़ बढ़ गई है. जहां कुल्हड़ की गर्म चाय से ठंड से राहत ली जा रही है. वहीं बेघर, बुजुर्ग और कमजोर वर्ग के लोगों के लिए जिले में रैन बसेरों का संचालन किया जा रहा है. रैन बसेरों में हीटर, रजाई और गद्दों की व्यवस्था की गई है. केयरटेकर के अनुसार रोजाना करीब 50 से 60 लोग यहां आश्रय ले रहे हैं. जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी जरूरतमंद ठंड से परेशान न हो.
कोहरे ने ट्रेनों की रफ्तार पर लगाई लगाम
पिछले कई दिनों से लगातार पड़ रहे घने कोहरे ने ट्रेनों की रफ्तार पर लगाम लगा दिया है. आलम यह है की कोहरे की वजह से पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेशन से होकर गुजरने वाली नई दिल्ली से पटना जाने वाली तेजस राजधानी एक्सप्रेस, नई दिल्ली से भुवनेश्वर जाने वाली भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस नई दिल्ली से चलकर हावड़ा जाने वाली हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस और नई दिल्ली से चलकर सियालदह जाने वाली सियालदह राजधानी एक्सप्रेस 10-10 घंटे की देरी से चल रही हैं. राजधानी एक्सप्रेस ट्रेनों के साथ-साथ मगध एक्सप्रेस, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, पूर्वा एक्सप्रेस और संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेन भी कई कई घंटे की देरी से चल रही हैं. एक तरफ जहां कोहरे की वजह से ट्रेन देरी से चल रही है वहीं दूसरी तरफ पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर ट्रेनों के इंतजार ने यात्रियों की मुश्किल बढ़ा दी है.

ट्रेन लेट होने ये यात्री परेशान
पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर भुवनेश्वर राजधानी का इंतजार कर रहे उमेश नाम के यात्री ने बताया कि मैं भुवनेश्वर जाने के लिए राजधानी एक्सप्रेस का इंतजार कर रहा हूं. कल रात में हम अपने परिवार के साथ बनारस से यहां आए. अभी तक ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं लेकिन ट्रेन का कहीं पता नहीं चल पा रहा है. ठंड भी काफी पड़ रही है. ऐसे में ट्रेन का इंतजार करना मुश्किल हो रहा है. ट्रेन 11 12 घंटे लेट है. हम कल तक भुवनेश्वर पहुंच पाएंगे.
पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से नई दिल्ली जा रहे प्रभात कुमार नाम की यात्री ने बताया कि हमको दिल्ली जाना है और सुबह 4:35 की ट्रेन थी. लेकिन अभी तक नहीं आई है. मुझे शाम तक दिल्ली पहुंचना था लेकिन अब तक पहुंचेंगे यह पता नहीं है इसकी वजह से मेरा पूरा शेड्यूल खराब हो जाएगा खर्च भी बढ़ेगा और हम समय से अपने काम पर भी नहीं जा पाएंगे. बसंत यादव नाम के यात्री ने बताया कि हमको कोडरमा जाना है हम लोग पुरुषोत्तम एक्सप्रेस का इंतजार कर रहे हैं. चार-पांच घंटे लेट है. ठंडी का दिन है ऐसे में इंतजार करने में काफी मुश्किल हो रही है.
प्रयागराज में ठंड की वजह से लोग परेशान
संगम नगरी प्रयागराज में इन दिनों पड़ रही ठंड अब लोगों को परेशान करने लगी है. यहां न्यूनतम तापमान 12 डिग्री तक पहुंच गया है. ठंड का असर आम जनजीवन पर भी पड़ रहा है. सुबह की ठंड और गलन लोगों को काफी परेशान कर रही है और लोग अलाव जलाकर अपने आपको गर्म करने की कोशिश में लगे हैं. प्रयागराज में इन दिनों पड़ रही ठंड ने लोगों को कांपने पर मजबूर कर दिया है.
मुजफ्फरनगर में लोग झेल रहे हैं सर्दी का सितम
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में धीरे-धीरे ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है. मुजफ्फरनगर जनपद की बात करें तो यहां रात का तापमान 5:30 डिग्री तक गिर जा रहा है. जिसके चलते ठंड में कोई भी व्यक्ति खुले आसमान के नीचे ना सोए इसको लेकर जिला प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. आलाधिकारी खुद सड़कों पर उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं. जगह-जगह जहां अलाव की व्यवस्था की गई है तो वहीं रैन बसेरो को भी प्रशासन के द्वारा पूरी तरह दुरुस्त कर दिया गया है. वही दूसरी तरफ लगातार घने के चलते जहां सड़क दुर्घटनाओं में इजाफा हुआ है. जनपद की ट्रैफिक पुलिस की इन सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए अपनी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में लगी हुई है. बताया जा रहा है कि आने वाले समय में शीतलहर का प्रकोप और ज्यादा बढ़ सकता है.

कानपुर देहात मे कोहरे के चलते सड़क यातायात प्रभावित
कानपुर देहात में कोहरे का कहर देखने को मिल रहा है.आज सुबह से ही सड़कों और हाईवे पर कोहरा दिखाई दे रहा है सड़कों पर गाड़ियों की रफ़्तार थम गई है. लोग गाड़ियों की हैडलाइट/फॉग लाइट जला कर ही धीमे धीमे आगे बढ़ रहे हैं. हालांकि दोपहर में धूप होने से लोगों को राहत भी हो जा रही है, लेकिन आज जल्द धूप निकलने के आसार दिखाई नहीं दे रहे है. सुबह के 10 बजे तक ठीक ठाक कोहरा बना हुआ है. 12 बजे के पहले धूप के आसार नहीं दिख रहे हैं.
कौशाम्बी मे ठंड ने दी दस्तक
यूपी के कौशांबी जिले में ठंड के साथ घने कोहरे ने दस्तक दे दी है. घने कोहरे के चलते जन-जीवन प्रभावित हो गया है. हाईवे से लेकर शहर की सड़कों तक विजिबिलिटी बेहद कम हो चुकी है. देर शाम से शुरू हुआ कोहरा सुबह होते-होते इतना घना हो गया कि लोगों को कुछ ही दूरी तक देख पाना मुश्किल हो गया है. घना कोहरा के चलते लोगों को नेशनल हाईवे पर आने - जाने वाहनों को थोड़ी दूर तक भी दिखाई देना मुश्किल हो रहा है. वहीं तापमान में गिरावट के बीच ठंड से ठिठुरते हुए लोग घरों में दुबक गए.
औरैया में शीतलहर से ठिठुरे लोग!
औरैया में शीत लहर भीषण कोहरे एवं सर्दी ने अपना प्रकोप दिखाना शुरू कर दिया है. कोहरे एवं सर्दी से लोग काफी परेशान हैं, वहीं वाहनों की स्पीड भी थम गई है. लोग घरों के अंदर दुबके नजर आ रहे हैं और जरूरी काम से ही घरों से बाहर निकल रहे हैं. सर्दी से बचाव को लेकर आग का सहारा लिया जा रहा है. सर्दी की वजह से सुबह मॉर्निंग वॉक करने वालों की संख्या बहुत कम हो गई है, यह सब सर्दी शीत लहर एवं कोहरे के कारण औरैया जिले में देखने को मिल रहा है.
हाथरस में कोहरे के चलते जनजीवन प्रभावित
यूपी का हाथरस शहर सोमवार की रात से घने कोहरे की चादर से ढक गया है. घने कोहरे और हाड़ कपा देने वाली ठंड से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है. सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थमी है. दृश्यता कम होने की वजह से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. जिला प्रशासन ने ठंड और घने कोहरे को लेकर जनता से सावधान रहने की अपील की है और घने कोहरे के बीच अनावश्यक यात्रा करने और घरों से न निकलने की हिदायत दी है. साथ ही आगे आने वाले दिनों में और अधिक ठंड और कोहरा पड़ने की चेतावनी है.

उन्नाव में घने कोहरे की वजह से हादसा
उन्नाव में घने कोहरे की शुरुआत हो गई है. यहां पर सुबह सवेरे से ही जबरदस्त कोहरा देखा गया. उन्नाव से कानपुर की तरफ तो सुबह 8:30 बजे तक लोगों का कोहरे के कारण चलना मुश्किल दिखाई दिया. आलम यह हुआ कि कोहरे के चलते सड़क पर चलने वाले वाहनों को लाइट जलाकर निकलना पड़ रहा है. कोहरे के साथ साथ सर्दी भी अपना सितम दिखाने लगी है. लोग सड़क के किनारे आग जलाकर सर्दी से बचने का उपाय करते दिखे. मौसम विज्ञान की माने तो अब कोहरा और बढ़ेगा. हालांकि शहर की बीचो-बीच अभी कोहरे का उतना असर नहीं दिख रहा है. लेकिन गंगा नदी के किनारे के क्षेत्रों में कोहरे की चादर से सब ढका सा दिख रहा है. टहलने वाले हो या चलने वाले छोटे मोटे दुकानदार सभी गलन व कोहरे से बेबस हैं.
बाराबंकी में कोहरे और ठंड ने लोगों को किया परेशान
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जनपद में आज घना कोहरा छाया हुआ है और सुबह से ही पूरा इलाका कोहरे की सफेद चादर में लिपटा नजर आ रहा है. कोहरे के कारण विजिबिलिटी बेहद कम हो गई है जो सिर्फ 5 मीटर के आसपास है. जनपद के रामनगर, रामसनेहीघाट और फतेहपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रहा. इससे सड़कों पर वाहनों की गति धीमी हो गई और वे रेंगते हुए आगे बढ़े. लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग और रेल मार्ग पर भी कोहरे का व्यापक प्रभाव देखा गया. उधर नेशनल हाईवे–27 पर वाहनों की रफ्तार काफी धीमी हो गई है.ड्राइवरों को गाड़ियां इंडिकेटर और फॉग लाइट के सहारे चलानी पड़ रही हैं.
बिजनौर मे ठंड ने बढ़ाई मुश्किल
बिजनौर में भी ठंड का कहर दिखाई देने लगा है. पिछले तीन दिन से कोहरे के चलते ठंड अचानक बड़ी है. जिसके कारण लोगों को घरों से निकलने में दिक्कत महसूस हो रही है. कोहरे के कारण लोगों को वाहन चलाने में भी दिक्कत हो रही है क्योंकि विजिबिलिटी 10 से 20 मीटर के बीच होने के कारण वाहन चलाने में ज्यादा समस्या आ रही है और यह हालत हाईवे की है. चाहे वह देहरादून नैनीताल हाईवे हो या फिर दिल्ली पौड़ी नेशनल हाईवे हो, यहां पर कोहरे की मार अधिक है. इसलिए वाहनों की रफ्तार पर भी यहां ब्रेक लग रहे हैं. कोहरे के साथ साथ ठंडी हवाएं भी चल रही हैं और सर्द हवा के चलते ठिठुरन भी भी बढ़ गई है. सवेरे और शाम को ठंड का असर सबसे ज्यादा लोगों को परेशान कर रहा है.